गोरखपुर, जेएनएन। कैंट पुलिस ने चोरी की बाइक व सामान के साथ युवक को गिरफ्तार किया। पकडऩे के दौरान पुलिस पर उसने जानलेवा कर दिया। प्रभारी निरीक्षक कैंट सुधीर सिंह ने बताया कि पकड़े गये आरोपित की पहचान कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर सोहरवना निवासी विनोद पासवान के रूप में हुई। उसके पास से चोरी की एक बाइक, तीन पेचकस, एक वायर कटर और एक मोबाइल फोन मिला। दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

पुरानी रंजिश में फायरिंग का आरोप, केस दर्ज

खोराबार के तरकुलही गांव में सुबह पुरानी रंजिश में दो पक्ष के भिड़ गए। कहासुनी के बाद हुई मारपीट में दोनों पक्ष के 13 लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए 12 नामजद व कई अज्ञात पर हत्या के प्रयास, मारपीट व धमकी देने का केस दर्ज कराया है। मारपीट में एक पक्ष से जगदीश पाल, जितेंद, रामप्रवेश, पप्पू, विदेशी, नागेंद्र, रामलखन,अरविंद, हरेंद्र और दूसरे पक्ष के मोलई यादव , राजीव यादव, गामा यादव व बुद्धिराम यादव घायल हो गए। नागेंद्र पाल की तहरीर पर खोराबार पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दूसरे पक्ष के लोगों ने भी मारपीट, बलवा और धमकी देने का केस दर्ज कराया है।

लेखपाल पर हमले का आरोपित जेल गया

पैमाइश के दौरान पिपरी गांव में लेखपाल पर हमला करने वाल एक आरोपित को गुलरिहा पुलिस ने सुबह गिरफ्तार किया। दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा विनोद अग्निहोत्री ने बताया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के आदेश पर 12 जुलाई को राजस्व विभाग की टीम पिपरी गांव में पैमाइश करने गयी थी। अवैध कब्जा हटाने के दौरान कुछ लोगों ने राजस्व टीम पर हमला कर दिया था। लेखपाल संदीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 25 नामजद 15 अज्ञात समेत 40 लोगों के विरुद्ध लोकसेवक पर हमला से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। नामजद आरोपित अखिलेश कुमार गुप्ता को भटहट चौकी प्रभारी ने गिरफ्तार किया।

नहाते समय पोखरे में डूबे युवक की मौत

शाहपुर थाना क्षेत्र के जंगल हकीम नंबर दो पासी टोला में रविवार की सुबह पोखरे में नहा रहा युवक डूब गया। पत्नी की तरफ से सूचना देने पर एसडीआरएफ की टीम के साथ पहुंचे पादरी बाजार चौकी प्रभारी तलाश में जुट गए। चार घंटे बाद युवक का शव मिला। 30 वर्षीय श्रवण पासवान मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाते थे। रविवार की दोपहर में 12 बजे घर के बगल में स्थित पोखरे में नहाने गए थे। पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए। पति को डूबता देख पत्नी ने शोर मचाा तो आसपास के लोग पहुंच गए लेकिन श्रवण को बचा नहीं पाए। परिवार में माता-पिता, पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं।

Edited By: Satish Chand Shukla