सिपाही पुत्र ने ईंट से सिर कूचकर ब्यूटी पार्लर संचालिका को मारडाला Gorakhpur News
सिपाही का पुत्रअपने परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचा और आशा देवी को पीटा। उसके बाद ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। चौरीचौरा के टेल्हनापार गांव में शुक्रवार को सिपाही पुत्र और उसके घरवालों ने ईंट से ब्यूटी पार्लर संचालिका आशा देवी का सिर कूंच दिया। बीच बचाव में पति और बेटी भी घायल हो गए। गंभीर रुप से घायल ब्यूटी पार्लर संचालिका को परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज ले गए जहां उसकी मौत हो गई।
डुमरी चौराहे पर है ब्यूटी पार्लर
जानकारी के अनुसार गांव के नीरज कन्नौजिया की पत्नी आशा देवी डुमरी चौराहे पर ब्यूटी पार्लर चलाती थीं। गांव के रहने वाले सिपाही का पुत्र उनकी नाबालिग बेटी से आए दिन बदसलूकी करता था। शुक्रवार की दोपहर में भी उसने गांव के बाहर पुलिया पर ब्यूटी पार्लर संचालिका की नाबालिग बेटी के साथ बदसलूकी कर दी। वह रोते हुए घर आई और अपनी मां से पूरी बताई। बेटी की बात सुनकर ब्यूटी पार्लर संचालिका आशा देवी थाने पहुंच गईं। उन्होंने थाने में लिखित तहरीर दी और बताया कि उनकी बेटी के साथ अक्सर वह छेड़खानी किया करता है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
पहले की पिटाई फिर ईंट से सिर कूचा
आरोप है कि शाम को आशा देवी घर पहुंचीं तो सिपाही पुत्र और उसके घरवाले भी पहुंच गए। आशा देवी को सभी ने धमकाया और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। जब आशा देवी ने आरोपितों की बात नहीं मानीं तो झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई शुरू कर दी। प्रतिकार करने पर आशा के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। परिवार के लोग उन्हें इलाज के लिए सीएचसी सरदारनगर ले गए जहां से जिला अस्पताल फिर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छेड़खानी के साथ भूमि विवाद भी
सीओ चौरीचौरा रचना मिश्र ने बताया कि सिपाही पुत्र और उसके घरवालों की तलाश चल रही है। मारपीट होने की वजह छेडख़ानी की घटना बताई जा रही है। दोनों परिवार के बीच जमीन का विवाद होने की भी बात सामने आयी है। सभी पहलुओं की जांच चल रही है। दोषियों पर कार्रवाई होगी।