बर्थडे पार्टी में गोली चलाने वाले अपराधी ने बरामद कराई पिस्टल Gorakhpur News
गैंगस्टर गीता तिवारी के घर उसकी नतिनी के जन्म दिन पार्टी थी। रात में 12 बजे डीजे पर लड़कियों के साथ डांस करने की बात को लेकर विवाद होने पर सिरिंस व उसके साथियों ने पार्टी में शामिल घासीकटरा निवासी नीतिश सिंह और मोहम्मद आमिर को गोली मार दी।
गोरखपुर, जेएनएन। गैंगस्टर गीता तिवारी के घर जन्मदिन की पार्टी में गोली चलाने वाले बदमाश सिरिंस सोनकर को तिवारीपुर पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 32 बोर की एक पिस्टल व एक कारतूस का खोराबार बरामद किया। वारदात के बाद बदमाश ने असलहा माधोपुर बंधे के किनारे झाड़ी में फेंक दिया था। मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने सिरिंस को जेल भेज दिया।
महिला गैंगस्टर के घर हुई थी वारदात
30 अक्टूबर की रात गैंगस्टर गीता तिवारी के घर उसकी नतिनी के जन्म दिन पार्टी थी। रात में 12 बजे डीजे पर लड़कियों के साथ डांस करने की बात को लेकर विवाद होने पर सिरिंस व उसके साथियों ने पार्टी में शामिल घासीकटरा निवासी नीतिश सिंह और मोहम्मद आमिर को गोली मार दी। तिवारीपुर पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर गीता तिवारी उसके सहयोगी जस्सू जायसवाल, सिरिंस सोनकर, अश्वनी उर्फ रॉकी तथा छोटू कुरैशी के खिलाफ हत्या के प्रयास व बलवा का केस दर्ज किया है। एक नवंबर को पुलिस ने गीता तिवारी, शाहपुर के राप्तीनगर निवासी जस्सू जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तीसरा आरोपित देवरिया के गरूणपार का रहने वाला अश्वनी उर्फ राकी चार नवंबर को पकड़ा गया। गोली चलाने वाले सिरिंस सोनकर ने पुलिस को चमका देकर 12 नंवबर की दोपहर कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। तिवारीपुर पुलिस ने कोर्ट से रिमांड लेकर उससे पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक तिवारीपुर संदीप सिंह ने बताया कि फरार चल रहे अंधियारीबाग निवासी छोटू कुरैशी की तलाश चल रही है।
शातिर बदमाश है सिरिंस
गोरखनाथ के लच्छीपुर का रहने वाला सिरिंस सोनकर शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ कैंट थाने में हत्या, लूट, गैंगेस्टर के आरोप में पांच केस दर्ज है। वर्ष 2013 में कैंट के बाल विहार तिराहा के पास हत्या की वारदात को पहली बार अंजाम दिया था। वर्ष 2014 में उसने कैंट क्षेत्र में ही लूट की थी।