प्रेमी ने ही गला दबाकर की थी महिला की हत्या, जानें-क्या था कारण Gorakhpur News
आरोपित ने पुलिस से पूछताछ में बताया कि महिला सिकरीगंज कस्बे में स्थित निजी अस्पताल में काम करती थी। एक शिविर में उसकी महिला से मुलाकात हुई। धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे के संपर्क में आ गए। वह उसके घर भी आने-जाने लगा।
गोरखपुर, जेएनएन। सिकारीगंज थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में महिला की हत्या उसके प्रेमी गुडडू कसौधन निवासी कुई बाजार ने ही गला दबाकर की थी। पुलिस ने सुबह पिपरी तिराहे से उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
मंगलवार को हुई थी हत्या
एसपी दक्षिणी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को हरपुर गांव में एक महिला के हत्या की सूचना मिली थी। छानबीन के दौरान पता चला कि महिला का गुड्डू से प्रेम संबंध चल रहा था। वह आये दिन उससे मिलने घर भी आता था। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुटी थी। पता चला कि मंगलवार सुबह भी गुडडू घर पर आया था। सिकरीगंज थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित पिपरी तिराहे पर है। वह कहीं जाने की फिराक में है। उन्होंने हमराहियों के साथ मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या से पूर्व महिला की मां को मायके छोडऩे गया था आरोपित
आरोपित ने पुलिस से पूछताछ में बताया कि महिला सिकरीगंज कस्बे में स्थित निजी अस्पताल में काम करती थी। एक शिविर में उसकी महिला से मुलाकात हुई। धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे के संपर्क में आ गए। वह उसके घर भी आने-जाने लगा। पुलिस के मुताबिक सोमवार को मृतका की मां, उसके पांच वर्षीय बेटे को उरुवा क्षेत्र में उनके मायके छोडऩे भी गया था।
चार वर्ष पूर्व पहले पति से हुआ था तलाक
महिला की शादी छह वर्ष पूर्व इटावा जिले के एक व्यक्ति से हुई थी। चार वर्ष पूर्व दोनों में तलाक हो गया। महिला अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ मायके में रहने लगी। यहां सिकरीगंज कस्बे में स्थित निजी अस्पताल में काम करती थी। मंगलवार को वह घर पर अकेली थी। शाम को उसकी मां घर पहुंची तो देखा कि बिस्तर पर उसका शव पड़ा था।
शादी से इनकार कर रही थी महिला
एसपी साउथ ने बताया कि गुड्डू की पहले कहीं शादी तय हुई थी, लेकिन महिला ने फोन करके कटवा दिया। गुडडू ने पुलिस को बताया कि महिला की मांगें पूरी करने के चक्कर में उसकी कुई बाजार की दुकान भी बंद हो गई। पिछले कुछ दिनों से वह शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन महिला शादी से मना कर रही थी। इसे लेकर दोनों में अक्सर नोक-झोंक होती थी।