होली पर्व आज, गूंजेंगे फाग और बरसेंगी रंग की फुहारें
रंगों का पर्व होली गुरुवार को मनाया जाएगा। यह पर्व हिंदुओं के लिए नव वर्ष के रूप में उल्लास के साथ मनाया जाता है।
गोरखपुर, जेएनएन। होली गुरुवार को परंपरागत रूप से आस्था व श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। श्रद्धालु बची-खुची तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। बाजार सज गए हैं। रंग-बिरंगी पिचकारियां बच्चों को लुभा रही हैं। बुधवार को रंग व अबीर-गुलाल की खरीदारी बड़े पैमाने पर हुई। देर रात तक बाजार में चहल-पहल बनी रही।
टाउनहाल, उर्दू, अलीनगर, गोरखनाथ, असुरन, मोहद्दीपुर व रुस्तमपुर आदि मोहल्लों में होली के सामान की दुकानें सजी रहीं। सड़क की दोनों पटरियों पर किस्म-किस्म की पिचकारियां लोगों को आकर्षित कर रही थीं तो रंग बम भी लोगों के आकर्षण के केंद्र रहे। रंगों की विविधता दुकानों पर मौजूद है। फुटकर में सात रुपए से लेकर एक हजार तक की पिचकारियां दुकानों पर उपलब्ध हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक को होली में सराबोर होने के सभी इंतजाम बाजार ने कर रखे हैं। मिठाई की दुकानों पर भी देर रात तक भीड़ रही।
होली की पूर्व संध्या पर भी लोगों ने जमकर होली खेली। होली मिलन समारोह आयोजित एक-दूसरे को होली बधाइयां दी। चौराहों व गलियों में लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली। माहौल उत्सवपूर्ण था।
-------------------
भगवान नरसिंह की शोभायात्रा आज
भगवान नरसिंह की परंपरागत रंगभरी शोभायात्रा होली के दिन गुरुवार को घंटाघर से उल्लासपूर्वक निकाली जाएगी। शोभायात्रा की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तत्वावधान में सुबह आठ बजे होगी। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे।
यह जानकारी होलिकोत्सव समिति, घंटाघर के मीडिया प्रभारी मनोज जालान ने दी। उन्होंने बताया कि घंटाघर चौक पर संघ की प्रार्थना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उद्बोधन होगा। उसके बाद रंग, अबीर- गुलाल खेलते हुए शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो मदरसा चौक, लालडिग्गी, घासीकटरा, जाफरा बाजार, आर्यनगर, बेनीगंज, बक्शीपुर, नखास, रेती चौक होते हुए पुन: घंटाघर में पहुंचकर समाप्त होगी। शोभायात्रा में काले-नीले रंग का प्रयोग व नशा किए हुए लोगों का प्रवेश पूर्णत: वर्जित रहेगा।