दुबई में बैठ कर चला रहा भारत में रैकेट, बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद हुई जानकारी Gorakhpur News
पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच में यह पता चला कि गिरोह का सरगना भारत में नहीं बल्कि दुबई में है। वहीं से रैकेट संचालित कर रहा है जबकि एक सदस्य झारखंड में है।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया में दो साइबर अपराधियों के गिरफ्तार होने के बाद पुलिस को एक नई जानकारी हाथ लगी है। पुलिस की जांच में पकड़े गए साइबर अपराधियों के सरगना के दुबई में होने की बात सामने आई है। इसके अलावा एक अपराधी के झारखंड में होने की भी बात कही जा रही है।
होगा घटनाओं का पर्दाफाश
देवरिया पुलिस साइबर अपराधी को पकडऩे के लिए झारखंड जा सकती है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि झारखंड के आरोपित के पकड़े जाने के बाद कई और घटनाओं का भी पर्दाफाश हो सकता है।
इन दो बदमाशों ने बताई असलियत
चार दिन पूर्व कोतवाली पुलिस व साइबर क्राइम सेल की टीम ने शाहजहां खान निवासी मनिया थाना गहमर जनपद गाजीपुर व निजामुद्दीन निवासी पिपरौली थाना गीडा जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया था। बताया गया कि यह लोगों को लाटरी लगने, विदेश भेजने व लोगों का फर्जी तरीके से खाता खुलवाने के साथ ही उनका एटीएम कार्ड व चेकबुक अपने पास रखने का कार्य करते हैं। गिरोह के तीन सदस्य अज्ञात रखे गए हैं।
वहां बैठे चला रहे रैकेट
पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच में यह पता चला कि गिरोह का सरगना भारत में नहीं, बल्कि दुबई में है। वहीं से रैकेट संचालित कर रहा है, जबकि एक सदस्य झारखंड में है। साइबर क्राइम सेल देवरिया के प्रभारी मुकेश मिश्र ने कहा कि इसकी विवेचना कोतवाली से हो रही है। अज्ञात के बारे में कोतवाली पुलिस ही बता सकती है।