गोरखपुर शहर ठंड की आगोश में, 10 डिग्री पहुंचा पारा Gorakhpur News
पश्चिमोत्तर के पहाड़ों पर बर्फ गिरने के साथ रह-रह का बारिश का सिलसिला जारी है। ऐसे में इन दिनों चल रही पछुआ हवाएं ठंड को लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। शुष्क पछुआ हवाओं के लगातार बहने के चलते ठंड ने शहर को अपने आगोश में ले लिया है। शहर का पारा तीन दिन में पांच डिग्री सेल्सियस गिर गया है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक ठंड बढऩे का सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा।
पहाड़ों पर वर्ष और बारिश से यहां बढ़ी ठंड
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके चलते पश्चिमोत्तर के पहाड़ों पर बर्फ गिरने के साथ रह-रह का बारिश का सिलसिला जारी है। ऐसे में इन दिनों चल रही पछुआ हवाएं ठंड को लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच रही है, जिससे तापमान के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। बीते दिन में तेजी से तापमान गिरा है। तापमान के गिरने का यह सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा।
अधिकतम तापमान भी आएगी गिरावट
अभी तो न्यूनतम तापमान गिरा है। अगले दो दिन में अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। जब अधिकतम तापमान गिरेगा तो दिन में भी गलन शुरू हो जाएगी। फिलहाल बुधवार को ठंडी पछुआ हवाओं के सामने धूप बेबस नजर आई और लोगों ने इस जाड़े में पहली बार गलन का अहसास किया। बुधवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
ऐसे गिरा तापमान
04 दिसंबर को 10.0 डिग्रसी सेल्सियस था। जबकि 03 दिसंबर को 12.4 डिग्री सेल्सियस, 02 दिसंबर को 13.4, 01 दिसंबर को 15.0, 30 नवंबर को 15.6, 29 नवंबर को 15.6 और 28 नवंबर को 14.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।