गोरखपुर में 'सूर्यज्योति निधि' का बड़ा कारनामा, सैकड़ों जमाकर्ताओं का पैसा लेकर कंपनी पर फरार होने का आरोप
गोरखपुर के सिकरीगंज में सूर्यज्योति निधि लिमिटेड पर सैकड़ों जमाकर्ताओं के लाखों रुपये लेकर फरार होने का आरोप लगा है। ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
सूर्यज्योति निधि लिमिटेड पर लाखों रुपये लेकर फरार होने का आरोप।
सैकड़ों जमाकर्ताओं ने सिकरीगंज पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच शुरू की, कार्रवाई का आश्वासन।
संवाद सूत्र, सिकरीगंज। सूर्यज्योति निधि लिमिटेड कंपनी में रुपये जमा करने वाले सैकड़ों लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हरदत्तपुर मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के निकट संचालित कंपनी पर लाखों रुपये जमा कराने के बाद फरार होने का आरोप लगा है। इससे परेशान जमाकर्ताओं ने एकजुट होकर सिकरीगंज थाना पुलिस को लिखित तहरीर दी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जमा धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
जमाकर्ताओं के मुताबिक, क्षेत्र के कई लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई कंपनी में जमा की थी। उन्हें उम्मीद थी कि निर्धारित समय पूरा होने पर उनकी रकम वापस मिल जाएगी, लेकिन अब कंपनी के जिम्मेदार लोगों के नहीं मिलने से उनकी चिंता बढ़ गई है। जमाकर्ताओं का आरोप है कि उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी फंस गई है।
इससे परिवार की आर्थिक स्थिति और भविष्य को लेकर परेशानी खड़ी हो गई है। इस मामले में विनोद यादव, फूलचंद यादव, अमरजीत, पुष्पेंद्र, सरिता, पवन, सुरेश, अविनाश, सूर्य प्रकाश, श्याम, अजय, दीनानाथ, अनूप, रवि, रामदयाल, राजेश, दुर्गेश, रमाशंकर, यशवीर, देवानंद, चंदन, राकेश, यशवंत और मनजीत सहित कई लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जमाकर्ताओं ने पुलिस से कंपनी के संचालकों और अन्य जिम्मेदार लोगों का पता लगाने, जमा रकम का ब्योरा जुटाने तथा उनकी धनराशि वापस दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष आशीष कुमार दुबे ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
