निधि समपर्ण अभियान : सभी के सहयोग से बनेगा भव्य अयोध्या में श्री राम मंदिर
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के गोरखपुर के प्रांत प्रचारक सुभाष ने कहा कि सभी के सहयोग से अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बनेगा। श्रीराम मंदिर निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ही निधि समर्पण अभियान चलाया जा रहा है।
गोरखपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक सुभाष ने कहा कि सभी के सहयोग से अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बनेगा। श्रीराम मंदिर निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ही निधि समर्पण अभियान चलाया जा रहा है।
निधि समर्पण अभियान के क्रम में पत्रकारपुरम राप्तीनगर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आम जनमानस स्वेच्छा से अपनी सामर्थ्य के अनुसार समर्पण राशि प्रदान कर रहे हैं एवं लोग अपने योगदान को देने के लिए तो कहीं कहीं स्वयं संपर्क भी कर रहे हैं, यह अति सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हर कोई इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चत करना चाह रहा है। अयोध्या में राम मंदिर होगा और इसी के साथ ही वर्षों से उपेक्षित अयोध्या का भी विकास होगा।
इस दौरान संघ के प्रांत प्रचारक की उपस्थिति में लोगों ने अपनी सहयोग राशि एकत्रित किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आप लोगों का हम लोगों के बीच में रामदूत की तरह आना हम लोगों के लिए सौभाग्य का विषय है मंदिर निर्माण राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। भाजपा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने सहयोग राशि के रूप में रुपया 51 हजार का चेक प्रांत प्रचारक सुभाष को प्रदान किया। समाजसेवी राजेंद्र श्रीवास्तव रज्जन ने 1.51 लाख रुपये सहित स्थानीय लोगों ने कुल 4.51 लाख की सहयोग राशि का चेक प्रांत प्रचारक सुभाष को प्रदान किया। इस अवसर पर विभाग कार्यवाह आत्मा, अजीत, पार्षद बृजेश सिंह छोटू, ऊषा श्रीवास्तव, डीपी दीक्षित, राजन चंद कौशिक, सोनू पाल, समीर, महेंद्र श्रीवास्तव, अशोक जयसवाल, विजय, माया राय, सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।