मुरादाबाद से आई भगवान श्रीराम की मूर्ति, सीएम को दी जाएगी Gorakhpur News
महापौर सीताराम जायसवाल ने दो फीट की उंचाई वाली भगवान श्रीराम की मूर्ति मुरादाबाद से मंगाई है। पीतल से बनी मूर्ति में भगवान श्रीराम का धनुषधारी रूप दिखाया गया है।
गोरखपुर, जेएनएन। अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पहली बार गोरखपुर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है। नगर निगम में सदन भवन का शिलान्यास करने पहुंचने पर मुख्यमंत्री को भगवान श्रीराम की दो फीट ऊंची मूर्ति भेंट की जाएगी। मुरादाबाद में बनी पीतल की इस मूर्ति को महापौर सीताराम जायसवाल ने विशेष तौर पर मंगाया है।
मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत की तैयारी
नगर निगम के सदन भवन के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री ने बजट दे दिया है। इसे लेकर नगर निगम के साथ ही शहरी खुश हैं। नगर निगम में सदन भवन के निर्माण की मांग काफी समय से हो रही थी। मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत के लिए नगर निगम परिसर को तैयार किया गया है। महापौर सीताराम जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हमारे गौरव हैं। उनके स्वागत में कोई कसर नहीं रखी जाएगी।
धनुषधारी रूप में हैं श्रीराम
मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए महापौर सीताराम जायसवाल ने दो फीट की उंचाई वाली भगवान श्रीराम की मूर्ति मुरादाबाद से मंगाई है। पीतल से बनी मूर्ति में भगवान श्रीराम का धनुषधारी रूप दिखाया गया है। पीतल के तरकश में चार बाण भी हैं। भगवान राम के एक हाथ में धनुष तथा दूसरा हाथ आशीर्वाद की मुद्रा में है। प्रतिमा को केसरिया कपड़े से बने कवर से ढक कर रखा गया है।