गोरखपुर, जागरण संवाददाता। दोस्त की बहन पर बुरी नजर रखने वाला शोहदा अब शादी करने का दबाव बना रहा है। परिवार के लोगों ने दूसरी जगह शादी तय की, तो लड़के वालों के पास आपत्तिजनक वीडियो भेजने लगा। दो बार रिश्ता टूटने के बाद युवती की मां ने शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने देवरिया जिले के रहने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

यह है पूरा मामला

शाहपुर थाना पुलिस को दी तहरीर में महिला ने बताया है कि देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र स्थित खोरमा कन्हौली के विशाल त्रिपाठी की जान पहचान उनके बेटे से थी। घर आते-जाते वह उनकी बेटी पर बुरी नजर रखने लगा। जानकारी होने पर उन्होंने विशाल को घर आने से रोक दिया। पुत्री की शादी पांच फरवरी, 2022 को होनी थी। 14 दिसंबर, 2021 को शिवाय होटल में सगाई हुई थी।

विशाल ने लड़के के पास फोन करके बताया कि लड़की से प्रेम करता है। उसके मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक वीडियो भेजकर रिश्ता तोड़वा दिया। बेटी की शादी दूसरी जगह तय कर सगाई 11 जून, 2023 को रखी है। इसकी जानकारी आरोपित को हुई तो लड़के के साथ ही मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। प्रभारी निरीक्षक शाहपुर मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

जेल से छूटे शोहदे ने दी धमकी, मुकदमा दर्ज

अपहरण के मामले में जेल से छूटे शोहदे ने किशोरी के पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी है। परिवार के लोगों को घर से आने-जाने के दौरान साथियों संग घेरकर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रहा है। अपहर्ता की धमकी से डरे किशोरी के भाई ने आरोपित पर मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही खोराबार थाना पुलिस से सुरक्षा मांगी है। किशोरी के भाई ने खोराबार थाना पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि मथुरवा गांव निवासी रवि कुमार ने 24 अगस्त, 2022 उसकी नाबालिग बहन का अपहरण कर लिया।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जमानत पर छूटने के बाद रवि साथियों संग परिवार पर समझौता करने का दबाव बना रहा है। चौराहे पर आते-जाते समय घेरने के अलावा घर आकर अभद्रता के साथ ही पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहा है। रवि की साठगांठ अपराधियों से भी है। पूरा परिवार भयभीत है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गहने व रुपये भी हड़प लिए

महिला ने पुलिस को बताया कि घर आने-जाने के दौरान विशाल ने अपनी बहन की शादी के लिए चार लाख रुपये के गहने व 2.80 लाख रुपये नकद लिए थे। रुपये व गहने भी उसने हड़प लिए हैं। शाहपुर पुलिस ने छेड़खानी व धमकी देने के मामले में अमानत में ख्यानत की धारा बढ़ा दी है।

Edited By: Pragati Chand