शादी का झांसा देकर तीन साल से सिपाही कर रहा था यौन शोषण
गोरखपुर जिले के पिपराइच क्षेत्र निवासी अमित सिंह ने शादी का झांसा देकर अपने ही गांव की एक युवती का तीन साल से यौन शोषण कर रहा था। दोनो में नजदीकियां तब हुई जब दोनो सिपाही भती के लिए वर्जिश कर रहे थे। अमित सिंह सिपाही है और वह बलिया में तैनात है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोरखपुर : पिपराइच क्षेत्र निवासी अमित सिंह ने शादी का झांसा देकर तीन साल से अपने गांव की एक युवती का यौन शोषण कर रहा था। वह पुलिस में सिपाही और इस समय बलिया जिले में तैनात है। पीड़िता की तहरीर पर पिपराइच पुलिस ने दुष्कर्म और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सिपाही में भर्ती होने के लिए अमित सिंह तैयारी कर रहा था, उसी समय उसी के गांव की निवासी पीड़िता भी सिपाही में भर्ती होने के लिए तैयारी कर रही थी। एक साथ वर्जिश और दौड़ का अभ्यास करने के दौरान उनके बीच नजदीकी बढ़ गई। आरोप है कि संबंध प्रगाढ़ होने पर अमित सिंह शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करने लगा। भर्ती निकलने पर दोनों ने आवेदन किया लेकिन अमित सिंह के मना करने पर पर युवती इस परीक्षा में शामिल नहीं हुई। अमित परीक्षा उत्तीर्ण कर पुलिस में भर्ती हो गया। इस समय उसकी तैनाती बलिया जिले में है।
दोनों के करीबी संबंध की जानकारी होने पर युवती के परिजनों ने अमित सिंह पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर किया। बताते हैं कि छह माह पहले अमित के परिजन शादी के लिए तैयार भी हो गए थे लेकिन आरोप है कि दहेज की मांग करते हुए एक माह पहले उन्होंने शादी तोड़ दी। इसके बाद से ही युवती और उसके परिवार के लोग अमित सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने का चक्का लगा रहे थे। आखिरकार गुरुवार को पुलिस ने अभियोग पंजीकृत किया।