नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को आवंटित होगा विद्यालय
देवरिया में प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से आनलाइन पूरी की जाएगी प्रक्रिया।
देवरिया, जेएनएन: प्राथमिक विद्यालयों के नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को जल्द ही विद्यालय आवंटित किया जाएगा। 29 व 30 अक्टूबर को बीएसए कार्यालय सभागार में उनकी काउंसिलिग की जाएगी। जिसमें दिव्यांगों व महिलाओं को वरीयता दी जाएगी। प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यालयों की सूची स्क्रीन पर प्रदर्शित की जाएगी।
जिले में चयनित 262 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया है। नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को एक सप्ताह पूर्व बीएसए कार्यालय में कार्यभार भी ग्रहण कराया गया। अब उनको विद्यालय आवंटित किया जाना है। इसके लिए प्रेरणा पोर्टल पर तैयार साफ्टवेयर के माध्यम से विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया आनलाइन पूरी की जाएगी। सहायक अध्यापक भर्ती में प्राप्त गुणांक के आधार पर दिव्यांग महिला व पुरुष, महिला अध्यापकों की अवरोही क्रम में सूची तैयार की जाएगी। इसके साथ ही विशेष आरक्षण की महिला अध्यापक गुणांक क्रम के आधार पर सूची में शामिल होंगी।
29 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक सभी दिव्यांग महिला अभ्यर्थी, सुबह 11 बजे से 12.30 बजे तक सभी दिव्यांग पुरुष अभ्यर्थी, एक बजे से शाम पांच बजे तक समस्त महिला अभ्यर्थी शामिल होंगे। 30 अक्टूबर को सुबह 10 से एक बजे तक शेष छूटे हुए सभी दिव्यांग महिला/पुरुष व महिला अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल होंगे। गुणवत्ता अंक समान होने की दशा में अधिक आयु वाले अध्यापकों को वरीयता दी जाएगी। आयु समान होने की दशा में पहले अंग्रेजी वर्णमाला के अक्षर के क्रम में वरीयता दी जाएगी। पहले दिव्यांग महिला और इसके बाद दिव्यांग पुरुष को वरीयता दी जाएगी। इसके बाद महिला अध्यापकों को विद्यालय आवंटित किया जाएगा।
बीएसए संतोष कुमार राय ने कहा कि विद्यालय आवंटन के लिए काउंसिलिग कराई जाएगी। सभी प्रक्रिया आनलाइन पूरी की जाएगी। सिफारिश करने पर कार्रवाई होगी।