राजकीय विद्यालय की दशा देखकर सन्न रह गए डीआइओएस, सभी शिक्षकों का वेतन रोका Gorakhpur News
गोरखपुर में जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजकीय हाई स्कूल रजही में ताला बंद मिला। यहां सभी शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है।
गोरखपुर, जेएनएन। जिला विद्यालय निरीक्षक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने बुधवार को स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजकीय हाई स्कूल रजही में ताला बंद मिला। यहां तैनात सभी शिक्षकों का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है। सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जबकि नीना थापा इंटर कॉलेज में पठन-पाठन सामान्य मिला। लेकिन, शैक्षिक पंचांग उपलब्ध नहीं था। वडीआइओएस ने प्रधानाचार्य को स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक सुबह 9:30 बजे नीना थापा इंटर कॉलेज पहुंचे। वहां शिक्षक तो मौजूद थे लेकिन उपस्थिति पंजिका पर उनके हस्ताक्षर नहीं थे। डीआइओएस ने कक्षाओं में घूमकर जायजा लिया और बच्चों से पूछताछ की। पठन-पाठन सामान्य मिला। जब शैक्षिक पंचांग के बारे में पूछा गया तो शिक्षक कुछ बताने में असमर्थ रहे। इस पर नाराजगी जताते हुए डीआइओएस ने शैक्षिक पंचांग के अनुसार पढ़ाई कराने का निर्देश दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई।
करीब दो घंटे बिताने के बाद वह राजकीय हाईस्कूल रजही पहुंचे। 11:40 बजे विद्यालय में ताला बंद था। मौके पर कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था। फोन पर एक शिक्षक ने अवकाश पर होने की बात बताई। प्रधानाध्यापक ने बारिश के कारण बच्चों के न आने का हवाला दिया। पर, डीआइओएस ने कहा कि शिक्षकों को उपस्थित रहना चाहिए था। स्कूल खुला होना चाहिए। उन्होंने सभी का वेतन अगले आदेश तक रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।