Move to Jagran APP

गठबंधन की आहट सुन जोश में आए सपाई, सड़क पर उतरकर दिखाई ताकत

गठबंधन के संकेतों के बाद गोरखपुर में सपाई जोश में आ गए। कई कार्यक्रमों के बहाने सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर अपनी ताकत दिखाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Tue, 08 Jan 2019 12:01 PM (IST)Updated: Tue, 08 Jan 2019 03:24 PM (IST)
गठबंधन की आहट सुन जोश में आए सपाई, सड़क पर उतरकर दिखाई ताकत
गठबंधन की आहट सुन जोश में आए सपाई, सड़क पर उतरकर दिखाई ताकत

गोरखपुर, जेएनएन। बहुजन समाजवादी पार्टी से गठबंधन के संकेतों के बाद जिले में सपाई जोश में आ गए। कई कार्यक्रमों के बहाने सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर अपनी ताकत दिखाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई। सपाइयों ने पीएम का पुतला भी फूंकने की कोशिश की जिसे पुलिस ने विफल कर दिया।

loksabha election banner

पुलिस ने पीएम का पुतला छीना

प्रधानमंत्री का पुतला फूंकने जा रहे सपाइयों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। कैंट पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रधानमंत्री का पुतला छीन लिया। नाराज सपाई एक घंटे तक शास्त्री चौक पर हंगामा करते रहे, जिससे कई चौराहों पर जाम लग रहा। सीबीआइ की ओर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से पूछताछ की खबर से सपा कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। इसे प्रधानमंत्री की साजिश मानकर सपा यूथ ब्रिगेड ने सोमवार को उनका पुतला फूंकने की तैयारी की थी। एलआइयू की रिपोर्ट पर कैंट पुलिस भी सक्रिय थी।

सपा कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही पुलिस को छकाना शुरू कर दिया। पहले आंबेडकर चौक फिर शास्त्री चौक, इसके बाद अलहदादपुर में पुतला जलाने की सूचना सपाई फैलाते रहे। कैंट पुलिस सपाइयों के पीछे चौराहे-चौराहे घूमती रही। दोपहर बाद सपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का पुतला लेकर टेंपो से शास्त्री चौक पहुंचे।

पुलिस के साथ की धक्‍का-मुक्‍की

पुलिस ने कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने की कोशिश की, जिस पर दोनों में जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने बल प्रयोग कर पुतला छीन लिया, जिससे सपाई नाराज हो गए। कार्यकर्ताओं ने हंगामा मचाते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब एक घंटे तक चौराहे पर अराजकता की स्थिति रही। जाम बढ़ने पर पुलिस सख्त हुई तो सपाई शांत होकर वहां से चले गए।

बवाल के चलते गोलघर, शास्त्री चौक, आंबेडकर चौक, बेतियाहाता रोड पर दो घंटे जाम लगा रहा।1इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रजनीश यादव, करूणा निधान प्रजापति, शकील अंसारी, कपिल मुनि यादव, अमन यादव, राजेंद्र यादव, सूरज शुक्ला, गवीश दुबे आदि मौजूद रहे।

साइकिल यात्रा निकालकर सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया

समाजवादी पार्टी ने समाजवादी विकास, विजन एवं सामाजिक न्याय कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। महानगर इकाई के पदाधिकारियों ने शहर के कई इलाकों में साइकिल यात्र निकालकर सपा सरकार की उपलब्धियों और भाजपा की कमियों को गिनाया। 1जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि यह अभियान सभी विधानसभा क्षेत्रों में 20 जनवरी तक चलेगा। विधानसभा क्षेत्रवार 10-10 टीमें बनाई गई हैं। सपा कार्यकर्ता पार्टी की भावी योजनाओं के साथ पूर्व में हुए कार्यो को जनता के बीच रखेंगे। आबादी के आधार पर आनुपातिक आरक्षण देने की व्यवस्था से ही सभी को न्याय मिलेगा।

महानगर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष जियाउल इस्लाम के नेतृत्व में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने मुफ्तीपुर, मियां बाजार, दिलेजाकपुर, इस्माइलपुर एवं सिविल लाइंस क्षेत्र में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जनता को भ्रमित कर सामाजिक विद्वेष फैला रहे हैं। बिहार में 22 सांसद होते हुए 17 सीटों पर समझौता करने वाली भाजपा यूपी में सपा-बसपा के गठबंधन पर तंज कस रही है।1 के दौरान सिंहासन यादव, अशोक चौधरी, जितेंद्र यादव, चंद्रभान प्रजापति, कीर्ति निधि पांडेय, कमर कुरैशी व्यंकटेश्वरनाथ तिवारी आदि मौजूद रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.