लखनऊ में प्लॉट दिलाने के नाम पर रिटायर्ड TTE से 12.50 लाख रुपये की ठगी, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लखनऊ में प्लॉट दिलाने के नाम पर एक सेवानिवृत्त टीटीई से 12.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रिटायर्ड टीटीई से लखनऊ में प्लॉट के नाम पर ठगी।
आरोपियों ने 12.50 लाख रुपये हड़प लिए, रजिस्ट्री नहीं की।
शाहपुर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
संवाद सूत्र, चरगांवा। लखनऊ में प्लॉट दिलाने के नाम पर सेवानिवृत्त टीटीई राम बचन यादव से 12.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कार्रवाई न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर शिकायत की, जिसके बाद शाहपुर पुलिस ने चार आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
चिलुआताल क्षेत्र के जगतबेला निवासी राम बचन यादव, जो पूर्वोत्तर रेलवे से टीटीई पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, ने बताया कि पांच वर्ष पहले उनकी कौवाबाग रेलवे कालोनी निवासी चंद्र कुमार सिंघारिया से जान-पहचान हुई।
जनवरी 2021 में चंद्र कुमार ने उन्हें बताया कि वह लखनऊ में जमीन खरीदकर प्लॉटग का काम करते हैं और लखनऊ के इंदिरानगर निवासी अपने साझेदार विक्रांत राय और विनायक राय से भी परिचित कराया।
आरोपितों ने कहा कि उनकी फर्म मेसर्स गोल्डेन पीस इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से कम कीमत पर प्लॉट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राम बचन यादव को लखनऊ के देवा रोड पर एक प्लॉट दिखाया गया, जिसकी कीमत 25 लाख रुपये बताई गई।
आरोपितों ने आधी रकम देने पर प्लॉट बुक करने और शेष रकम पर रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया। पीड़ित ने चार फरवरी 2021 को आरटीजीएस के माध्यम से 12.50 लाख रुपये भेज दिए। लेकिन जब रजिस्ट्री के लिए संपर्क किया गया, तो आरोपित बहाने बनाने लगे। 17 मार्च 2026 को अधिवक्ता के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजने के बावजूद न तो रजिस्ट्री हुई और न ही रकम लौटाई गई।
राम बचन ने आरोप लगाया कि चार अप्रैल 2026 को चंद्र कुमार के घर जाकर रुपये मांगने पर उनकी पत्नी ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
