पूर्वांचल के प्रसिद्ध रंगकर्मी पीयूष कांत 'अलग' नहीं रहे, लखनऊ में हुआ निधन
पूर्वांचल के प्रसिद्ध रंगकर्मी पीयूष कांत अलग का गुरुवार को आकस्मिक निधन हो गयावह 56 वर्ष के थे। उन्होंने चालीस वर्षों निरंतर रंगमंच में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निधन से रंगकर्मियों व अन्य संगठनों में शाेक की लहर है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। प्रसिद्ध रंगकर्मी पीयूष कांत 'अलग' का गुरुवार को आकस्मिक निधन हो गया,वह 56 वर्ष के थे। उन्होंने चालीस वर्षों निरंतर रंगमंच में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने कई प्रसिद्ध व उत्कृष्ट नाटकों का भी निर्देशन किया और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। उनके निधन से रंगकर्मियों में शाेक की लहर है।
रंगकर्मियों में शोक की लहर
उनके निधन की खबर सुनकर शहर के तमाम रंगमंच प्रेमी व कला साहित्य से जुड़े लोग उनके आवास पर पहुंचे और अंतिम संस्कार में सम्मिलित हुए। इस दौरान भारतेंदु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रविशंकर खरे, संस्कार भारती के प्रांतीय अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, रेलवे कोआपरेटिव बैंक के सचिव सुनील सिंह, अध्यक्ष अरविंद कुमार, उपाध्यक्ष अनुराग खरे, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, विधायक विपिन सिंह, गोरखपुर थिएटर एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य व सचिव आसिफ जहीर समेत कला-संस्कृति से जुड़े तमाम लोग मौजूद रहे।
सबसे 'अलग' थे पीयूष कांत अलग
पीयूष कांत 'अलग' अपने व्यवहार के कारण लोगों में खासे लोकप्रिय थे। वह गोरखपुर रेलवे कोआपरेटिव बैंक में सहायक सचिव के पद पर कार्यरत थे। अपने व्यवहार के कारण वह बैंक में हर किसी के प्रिय थे।
सांसद रविकिशन ने जताया शोक
पीयूष कांत 'अलग' निधन पर भाजपा सांसद व सिने अभिनेता रविकिशन ने शोक जताया है। अपने शोक संदेश में सांसद ने कहा है कि 'गोरखपुर के प्रसिद्ध रंगकर्मी पीयूष कांत अलग का आकस्मिक निधन से कष्टकारी है'। उन्होंने कहा कि पीयूष कांत अलग के निधन से रंगकर्मी की दुनिया को काफी नुकसान हुआ है।
गोरखपुर की अपूरणीय क्षति : राहुल श्रीवास्तव
भाजपा गोरखपुर के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि पीयूषकांत अलग का निधन गोरखपुर के लिए अपूरणीय क्षति है। कायस्थ विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष वैद्य राजीव सिन्हा ने भी पीयूष कांत के अलग के निधन पर शोक जताया है।