मुख्यमंत्री से बात करके मिली अपार ऊर्जा,महिलाओं के लिए बनूंगी संबल
सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाएं जरूरी कदम स्वछता पर हो जोर योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएं
जागरण संवाददाता,बस्ती : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की दो महिला जनप्रतिनिधियों से वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए बात की। यह हैं नगर पालिका की चेयरमैन श्रीमती रूपम मिश्र और नकटीदेई (कप्तानगंज) की प्रधान वर्षा सिंह। महिलाओं के आत्मसम्मान की सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किये गए प्रयासों की मुख्यमंत्री ने सराहना की। महिलाओं के लिए नजीर और विकास की नई लाइन खींचने के लिए मुख्यमंत्री ने कई सुझाव दिए। नपा की चेयरमैन ने कहा मुख्यमंत्री ने न केवल मेरा दर्द बांटा बल्कि कार्य करने की जो ऊर्जा दी है उससे वह विकास की एक नई लकीर खीचेंगी।
नपा की चेयरमैन ने जागरण से बातचीत में कहा मुख्यमंत्री ने मेरा दर्द बांटकर जो राहत पहुंचायी है उससे उनको काम करने की अपार ऊर्जा मिली है। कहा इतनी दूर और व्यस्तता में होने के बाद भी उनको यहां के बारे में सब कुछ मालूम है। पति की मौत पर न केवल उन्होंने दुख जताया बल्कि यह भी कहा चुनौतियों के बीच अच्छा कार्य कर रही हैं,वह सराहनीय है। चेयरमैन ने मुख्यमंत्री के सवालों के जवाब में कहा महिलाओं और बेटियों के आत्मसम्मान की सुरक्षा के लिए आवास और शौचालय का लाभ दिया जा रहा है। शिक्षा की बेहतरी के लिए नगरीय क्षेत्र के स्कूल भवनों के कायाकल्प की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने उनको पार्षदों के साथ नियमित क्षेत्र भ्रमण कर स्वच्छता पर जोर देने को कहा। यह भी बताया पब्लिक एड्रेस सिस्टम को मजबूत करें। इससे बहुत सी समस्याओं का हल हो जाएगा। आम लोगों को नगर को साफ सुथरा और सुव्यवस्थित और विकसित बनाने के लिए जोड़ा जाय। मुख्यमंत्री ने प्रधान की वर्किंग को सराहा
कप्तानगंज ब्लाक के नकटीदेई बुजुर्ग ग्राम की ग्राम प्रधान श्रीमती वर्षा सिंह से वार्ता कर मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा सम्मान एवं उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में पूछा। प्रधान ने बेबाकी से महिलाओं के सुरक्षा और आत्मसम्मान से लेकर उनको आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार तथा रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार प्राप्त होने पर बधाई दी। कहा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के द्वारा कोविड-19 से रोकथाम एवं बचाव के प्रति गांवों में लोगों को जागरूक भी करें। मुख्यमंत्री ने पूछा गांव की आबादी कितनी है। प्रधान ने जवाब दिया 2865 है। फिर पूछा कब से प्रधान हैं, वर्षा सिंह ने कहा वर्ष 2015 से। प्रधान की आगामी कार्ययोजना के बारे में मुख्यमंत्री ने जाना तो शाबाशी दी। प्रधान ने कहा पंचायत भवन में बैठने से लेकर पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार है। प्रयास है गांव में सुबह शाम भगवान का भजन बजे। जरूरी बात एक जगह से पूरे गांव में प्रसारित की जा सके। इस मौके पर मंडलायुक्त अनिल कुमार सागर, जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन, पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा, सीडीओ सरनीत कौर ब्रोका, डीपीआरओ विनय सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी राकेश कुमार रहे।