देवरिया महोत्सव में अनियंत्रित हुई भीड़, भगदड़, तोड़फोड़ Gorakhpur News
युवा वर्ग हूटिंग करने के साथ ही नीचे मौजूद कुर्सियों को तोड़ना शुरू कर दिया और ऊपर फेंकने लगे। लोगों की समझ में नहीं आया कि अचानक क्या हो गया। इसके चलते भगदड़ मच गई।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया महोत्सव में भोजपुरी गायक खेसारी लाल के मंच पर आते ही गुरुवार की रात भीड़ अनियंत्रित हो गई और जमकर हूटिंग करने के साथ ही तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। जिसके चलते महोत्सव में भगदड़ मच गई। लोगों को शांत कराने में पुलिस को पसीने छूट गए। आधे घंटे तक महोत्सव में अफरा-तफरी जैसा माहौल रहा। देर रात तक बीच-बीच में लोग हूटिंग करते हुए कुर्सियां तोड़ते रहे।
भोजपुरी फिल्म स्टार खेसारी लाल के मंच पर पहुंचते शुरू हुई हुटिंग
भोजपुरी फिल्म स्टार खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम होने के चलते शाम से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। साढ़े सात बजे खेसारी लाल मंच पर पहुंचे, तब तक हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। खेसारी के मंच पर पहुंचते ही अचानक भीड़ आगे की तरफ बढ़ी और फिर अफरा-तफरी मच गई।
हूटिंग के कुर्सियां तोड़ीं
युवा वर्ग हूटिंग करने के साथ ही नीचे मौजूद कुर्सियों को तोड़ना शुरू कर दिया और ऊपर फेंकने लगे। लोगों की समझ में नहीं आया कि अचानक क्या हो गया। इसके चलते भगदड़ मच गई। पीछे से लोग भी तेजी के साथ भागने लगे, यह देख पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पुलिस की तरफ भी कुर्सियां फेंक दी गईं। पुलिस ने इस दौरान आधा दर्जन लोग को हिरासत में ले लिया। एक दर्जन से अधिक लोग भगदड़ के चलते घायल हो गए।
पांच सीओ व 45 दारोगाओं ने संभाली सुरक्षा की कमान
देवरिया महोत्सव में गुरुवार की रात भोजपुरी फिल्म अभिनेता व गायक खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम था। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था। 12 थानाध्यक्ष, आठ इंस्पेक्टर, 45 उप निरीक्षक, 60 हेड कांस्टेबल, एक महिला थानाध्यक्ष के साथ ही 430 सिपाहियों की तैनाती की गई थी। इतना ही नहीं, सुरक्षा की कमान एएसपी शिष्यपाल के नेतृत्व में पांच सीओ संभाल रहे थे। जबकि यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी यातायात उप निरीक्षक रामवृक्ष यादव को सौंपी गई थी। देवरिया के अलावा गैर जनपद से भी फोर्स मंगाई गई थी।