गोरखपुर में चर्चित राजकुमार चौहान हत्याकांड में पार्षद धर्मदेव चौहान सहित 6 को मिली क्लीनचिट
राजकुमार चौहान हत्याकांड में पार्षद धर्मदेव चौहान समेत छह नामजद आरोपितों को पुलिस ने साक्ष्य न मिलने पर क्लीनचिट दे दी है।

प्रापर्टी डीलर राजकुमार चौहान की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
पार्षद धर्मदेव चौहान समेत छह नामजद आरोपितों को क्लीनचिट मिली।
राजकुमार चौहान हत्याकांड में अब कुल 10 आरोपी बनाए गए।
जांच के दौरान हत्या या साजिश के साक्ष्य नहीं मिले।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चर्चित राजकुमार चौहान हत्याकांड में पार्षद धर्मदेव चौहान समेत 6 नामजद आरोपितों को पुलिस ने क्लीनचिट दे दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान इन छह लोगों के खिलाफ हत्या या साजिश में शामिल होने के साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद विवेचक ने उनके नाम मुकदमे से निकाल दिए।
राजकुमार की पत्नी ने घटना के बाद 8 लोगों को नामजद कराया था, जिनमें से केवल दो की भूमिका होने की पुष्टि हुई। विवेचना के दौरान हत्या और साजिश में नामजद के अलावा आठ अन्य लोगों के नाम सामने आए, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। विवेचक ने इस घटना में 10 लोगों को आरोपी बनाया है।
बरगदवा निवासी राजकुमार चौहान की 17 मार्च 2026 की सुबह गोली मारने और चाकू से हमला करके हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद उनकी पत्नी ने दीपक गौड़, पार्षद धर्मदेव चौहान, लालजी यादव उर्फ गट्टू यादव, धरमपाल चौहान, अमर सिंह चौधरी, मोनू पांडेय, सत्येंद्र चौधरी उर्फ टिल्लू और अभय पांडेय के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
राजकुमार की पत्नी ने स्थानीय पुलिस पर आरोप लगाते हुए विवेचना दूसरे थाने से कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद मामले की विवेचना गोरखनाथ थाने ट्रांसफर कर दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पार्षद धर्मदेव चौहान समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या या साजिश में शामिल होने के साक्ष्य नहीं मिले।
इसी आधार पर उनके नाम मुकदमे से निकाल दिए गए। दो नामजद आरोपितों के अलावा आठ अन्य लोगों की भूमिका जांच में सामने आई।
परिवार ने इनको किया था नामजद
राजकुमार चौहान की पत्नी ने दीपक गौड़, धर्मदेव चौहान (पार्षद), लालजी यादव उर्फ गट्टू यादव, धरमपाल चौहान, अमर सिंह चौधरी, मोनू पांडेय, सत्येंद्र चौधरी उर्फ टिल्लू और अभय पांडेय को नामजद कराया था। विवेचना के दौरान विपिन यादव, सचिन यादव, राज चौहान उर्फ निरहू, शेषनाथ यादव, अंकित यादव, देवव्रत यादव और मनीष यादव समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए।
