पूर्वांचल में बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, पारा 22.5 से 18 पर आया Gorakhpur News
पूर्वांचल में शनिवार देर रात मौसम का मिजाज बदल गया। देर रात से शुरू हुई बारिश शनिवार दोपहर तक रुक-रुक कर जारी रही। इससे तापमान में भारी गिरावट आई है।
गोरखपुर, जेएनएन। शनिवार देर रात मौसम का मिजाज बदल गया। देर रात से शुरू हुई बारिश शनिवार दोपहर तक रुक-रुक कर जारी रही। इससे तापमान में भारी गिरावट आई है। न्यूनतम 12 और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस था। बारिश के चलते शहर में कीचड़ व जलजमाव की स्थिति है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी है। पूर्वांचल के अन्य जिलों का भी यही हाल है। गोरखपुर के अलावा बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर, देवरिया, कुशीनगर व महराजगंज में भी बारिश हो रही है।
पूर्वानुमान के अनुसार ही बदला मौसम
बारिश को लेकर मौसम विभाग ने पहले ही पूर्वानुमान व्यक्त किया था। सुबह बारिश के चलते लोग मॉर्निंग वॉक के लिए नहीं निकले। हालांकि बादल गुरुवार से ही घेरे हुए थे। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के मुताबिक मौसम के इस बदलाव की वजह उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ का बना होना है। राजस्थान के ऊपर बने चक्रवातीय हवाओं के क्षेत्र का सहयोग मिल रहा है।
शनिवार को भी हो सकती है बारिश
इसकी वजह से जम्मू-कश्मीर और हिमांचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला चल रहा है। ऐसे में उस ओर से आ रही पछुआ हवाएं पूर्वी उत्तर प्रदेश का तापमान गिरा रही हैं और उसके साथ आ रही नमी बादलों की वजह बन रही है।
शनिवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश की वजह बन सकते हैं। बारिश के चलते शहर के विभिन्न स्थानों पर कीचड़ व जलजमाव की स्थिति है।
बारिश में कई क्षेत्रों की बिजली गुल
शुक्रवार की सुबह से ही शहर के कई क्षेत्रों में फाल्ट के कारण बिजली गुल है। जिससे लोगों को पानी तक को तरसना पड़ा है। लगातार हो रही बारिश एवं संविदा कर्मियों की हड़ताल के कारण फाल्ट समय से ठीक नहीं किया जा सका है। उपभोक्ता बिजली निगम के अधिकारियों को फोन कर अपनी परेशानी बताने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन अधिकतर अधिकारियों के फोन रिसीव नहीं हो रहे।
इन क्षेत्रों में नहीं है बिजली
शुक्रवार की सुबह से ही शाहपुर क्षेत्र के बशारतपुर, पादरी बाजार तथा कैंट क्षेत्र के पैडलेगंज आदि इलाकों में सुबह से ही बिजली नहीं है। शाहपुर क्षेत्र में विद्युत उपकेंद्र में फाल्ट के कारण यह समस्या आई है जबकि पैडलेगंज क्षेत्र में पोल से गाड़ी टकरा जाने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। आमतौर पर निर्बाध आपूर्ति का जिम्मा संभालने वाले संविदा कर्मी अपनी मांगों को लेकर कल से हड़ताल पर हैं जिसके कारण फाल्ट ठीक करने में देरी हो रही है। अधीक्षण अभियंता नगर यूसी वर्मा ने नियमित कर्मचारियों को फाल्ट ठीक करने का निर्देश दिया है। उनका कहना है कि संविदा कर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण थोड़ा विलंब हो रहा है लेकिन जल्द ही सभी क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।