विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे के रिटायर्ड और दिव्यांग कर्मियों को विकल्प के रूप में मिलेगा मैनुअल पास, जारी हुई नई गाइडलाइन

Published: Thu, 16 Jul 2026 07:00 AM (IST)

रेलवे बोर्ड ने सेवानिवृत्त और दिव्यांग कर्मचारियों के लिए पोस्ट रिटायरमेंट कंप्लीमेंट्री पास के संबंध में नए निर्देश जारी किए हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. रेलवे बोर्ड ने पास नियमों पर नए निर्देश दिए।

  2. एचआरएमएस समस्या पर मैनुअल पास जारी होंगे।

  3. तीन माह बाद व्यवस्था की होगी तकनीकी समीक्षा।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे बोर्ड ने रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले पोस्ट रिटायरमेंट कंप्लीमेंट्री पास को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पेंशनभोगियों और कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों के लिए ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (एचआरएमस) के माध्यम से पोस्ट रिटायरमेंट कंप्लीमेंट्री पास एवं प्रिविलेज पास जारी करने की व्यवस्था जारी रहेगी। हालांकि, जहां एचआरएमएस के ई-पास मॉड्यूल में तकनीकी या अन्य समस्याएं सामने आएंगी, वहां अंतरिम व्यवस्था के तहत मैनुअल पास जारी किए जा सकेंगे।

रेलवे बोर्ड द्वारा 15 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार, 29 मई 2026 को जारी दिशा-निर्देशों के बाद कई जोनल रेलवे ने इसके क्रियान्वयन को लेकर स्पष्टीकरण और अतिरिक्त निर्देश मांगे थे। इसी के मद्देनजर बोर्ड ने यह नई व्यवस्था लागू की है।

रेलवे बोर्ड ने बताया कि 29 मई 2026 से लागू व्यवस्था के बाद बड़ी संख्या में पेंशनभोगी और कार्यरत दिव्यांग कर्मचारी एचआरएमएस आधारित सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य लाभार्थियों को केवल पीआरएस काउंटर ही नहीं, बल्कि आईआरसीटीसी पोर्टल के माध्यम से भी टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराना है।

आदेश के अनुसार, जिन मामलों में एचआरएमएस के जरिए पास जारी करने में बाधा आएगी, वहां संबंधित अधिकारी मैनुअल पास जारी कर सकेंगे। साथ ही, मैनुअल पास जारी करने के कारणों का रिकॉर्ड एचआरएमएस के ई पास मॉड्यूल में सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा, ताकि तकनीकी कमियों की पहचान कर उनमें सुधार किया जा सके।

रेलवे बोर्ड ने यह भी निर्देश दिया है कि तीन महीने बाद इस पूरी व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और आवश्यक तकनीकी सुधारों एवं आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) और नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे (एनएफआईआर) ने रेलवे बोर्ड के इस निर्णय का स्वागत किया है। दोनों फेडरेशनों ने रेलवे बोर्ड के समक्ष रेलकर्मियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था।

यह भी पढ़ें- PM मोदी के जींद दौरे का बदला रूट, अब रेलवे जंक्शन पर उतरेगा हेलीकॉप्टर; हाइड्रोजन ट्रेन और रैली के लिए तैयारी पूरी