रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने कहा, रेलवे के सभी मार्गों का होगा विद्युतीकरण
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनोद कुमार यादव ने कहा कि भारतीय रेलवे स्तर पर परियोजनाओं का कार्य तेजी के साथ चल रहा है। सभी परियोजनाएं निर्धारित समय से पूरी कर ली जाएंगी।
गोरखपुर, जेएनएन। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन (सीआरबी) विनोद कुमार यादव ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे ही नहीं भारतीय रेलवे स्तर पर परियोजनाओं का कार्य तेजी के साथ चल रहा है। सभी परियोजनाएं निर्धारित समय से पूरी कर ली जाएंगी। अधिकतर रेल मार्गों का विद्युतीकरण हो चुका है। जो बचे हैं, उन पर भी कार्य चल रहा है। ऐसे में गोरखपुर का इलेक्ट्रिक लोको शेड और महत्वपूर्ण हो गया है।
गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे सीआरबी विनोद कुमार यादव नंदानगर स्थित नवनिर्मित इलेक्ट्रिक लोको शेड में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बहुत कम समय में शेड का निर्माण हुआ है। इसके लिए महाप्रबंधक और उनकी टीम को बधाई। पूर्वोत्तर रेलवे में उत्कृष्ट यात्री सुविधाएं उपलब्ध हैं। यात्रियों की मांग के अनुरूप अधिक से अधिक सवारी गाडिय़ों को चलाने के लिए आधारभूत संरचना में बदलाव किया जा रहा है। दोहरीकरण में तेजी आई है।
रेलवे में कर्मचारियों की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अगले दो वर्षों में होने वाली रिक्तियों का भी आंकलन किया जा रहा है, जो फरवरी में ही पूरा हो जाएगा। इसके पूर्व सीआरबी ने 65.93 करोड़ रुपये की लागत से बने इलेक्ट्रिक लोको शेड का निरीक्षण किया।