प्रो. केसी लाल के घर पहुंचे मुख्यमंत्री, मांगा समर्थन
संपर्क फॉर समर्थन' के तहत मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों पर की चर्चा - जागरण संवाददाता
संपर्क फॉर समर्थन' के तहत मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों पर की चर्चा
-
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : 'संपर्क फॉर समर्थन' के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रो. केसी लाल से मुलाकात कर केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने शहर को बेहतर बनाने के सुझाव भी मांगे।
दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री सूरजकुंड स्थित प्रो. केसी लाल के आवास पर पहुंचे। अपने बीच मुख्यमंत्री को देखकर घर वाले खुश हो गए। मुख्यमंत्री ने प्रो. केसी लाल को सरकार की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट भेंट कर उनसे करीब 15 मिनट बात की। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उससे लाभांवित हो रहे लोगों के बारे में जानकारी दी। कहा कि केंद्र व राज्य सरकार देश व प्रदेश के विकास को गति दे रही है। जल्दी आप सबको बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। गोरखपुर में भी विकास के ढेरों कार्य हो रहे हैं। जो कार्य पिछली सरकारों को करना चाहिए वह भाजपा सरकार करा रही है। मुख्यमंत्री ने प्रो. केसी लाल से समस्याओं के बारे में भी पूछा।
इस पर उन्होंने सरकार के कामकाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें दो राय नहीं है कि केंद्र व प्रदेश सरकार का सारा ध्यान विकास पर है। सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है और इसका असर भी दिखने लगा है। प्रो. केसी लाल ने मुख्यमंत्री को किताबें भेंट की। वहीं मुख्यमंत्री के काफिला को देख आसपास भीड़ लग गई थी। लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने को बेताब दिखे। दोपहर 12:15 बजे मुख्यमंत्री रेती चौक स्थित सरदार जसपाल सिंह के घर रवाना हो गए।