सीएए के समर्थन में पीएम को भेजा पोस्टकार्ड Gorakhpur News
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में 16763 पोस्टकार्ड लिखवाए गए। जिसे सोमवार को पोस्ट आफिस के जरिए प्रधानमंत्री को भेजा गया।
गोरखपुर, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से देवरिया लोकसभा क्षेत्र के तीन विधानसभा क्षेत्रों के लोगों से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में 16763 पोस्टकार्ड लिखवाए गए। जिसे सोमवार को पोस्ट आफिस के जरिए प्रधानमंत्री को भेजा गया।
देश विरोधी कर रहे सीएए का विरोध
सांसद डा.रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि सीएए का विरोध देश विरोधी मानसिकता के लोग कर रहे हैं। सीएए पर देश को गुमराह कर अराजकता की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। यह ऐसे लोग हैं जिनकी वोट बैंक की राजनीति अब समाप्त होने वाली है। यह कानून नागरिकता देने के लिए है न कि किसी की नागरिकता छीनने के लिए। पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान में धार्मिक रूप से प्रताडि़त हिंदू, सिख, जैन, पारसी, बौद्ध धर्म के लोगों को भारत में सम्मान का जीवन देने के लिए यह कानून पास हुआ है।
पूरी हो रही श्रेष्ठ राष्ट्र की संकल्पना
देवरिया जिले में जिला पंचायत परिसर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए देवरिया सदर सांसद डा.रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश एक राष्ट्र,श्रेष्ठ राष्ट्र की संकल्पना की तरफ आगे बढ़ रहा है। इसके लिए भाजपा की जो संकल्पना थी। वह मूर्तरूप ले रही है। देश में सीएए को लेकर कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं। उन लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।
हर क्षेत्र में तरक्की
डा.त्रिपाठी ने कहा कि देश का मान दुनिया में बढ़ा है। हर क्षेत्र में देश तरक्की कर रहा है। विकास के रास्ते खुले हैं। नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। मंदिर तय समय पर बनेगा। इसके लिए जिसको जिम्मेदारी मिली है वह लोग काम कर रहे हैं। राम मंदिर में सबकी आस्था है। यह सब पीएम मोदी की बदौलत है। कोरोना वायरस को लेकर केंद्र व राज्य सरकार का इंतजाम मुकम्मल है। किसी को इससे भयभीत होने की जरूरत नहीं है। लोग एहतियात बरतें। सभी जिलों में एहतियाती इंतजाम किए गए हैं।
जनता को गुमराह कर रहे विपक्षी
कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि सीएए पर विरोधी दल के नेता लोगों को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं। सीएए से देश कमजोर नहीं बल्कि मजबूत होगा। देश को गुमराह कर देश के अंदर जो वातावरण बनाया गया, वह निंदनीय है। सीएए शरणार्थियों के जीवन को सुंदर बनाने के लिए है। जिलाध्यक्ष डा. अंतर्यामी सिंह ने कहा कि सीएए के समर्थन में तीन विधानसभा क्षेत्रों देवरिया सदर, रामपुर कारखाना व पथरदेवा से 16763 पोस्टकार्ड लिखवाए गए हैं। इस दौरान विशंभर मिश्र, निशिरंजन तिवारी, कृष्णानाथ राय, प्रमोद शाही, रमेश सिंह सैंथवार, अंबिकेश पांडेय, सीपी सिंह, संजय पांडेय, अखिलेश मिश्र, मनीष सहाय, राधेश्याम शुक्ला, मुन्ना राय आदि मौजूद रहे।