बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर हिस्ट्रीशीटर का धारदार हथियार से हमला, सिपाही गंभीर Gorakhpur News
हिस्ट्रीशीटर की पट्टीदार से रात में विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर हिस्ट्रीशीटर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया जिसमें एक सिपाही घायल हो गया।
गोरखपुर, जेएनएन। कुशीनगर जनपद के तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के गांव कुरमौटा में एक हिस्ट्रीशीटर की तलाश में गई पुलिस पर गुरुवार की रात लगभग 9.30 बजे धारदार हथियार से जानलेवा हमला हो गया। सिपाही को गंभीर चोट लगी है। उसका इलाज कसया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पट्टीदारी के विवाद में घनश्याम पर हुई है गैंगस्टर की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार गांव के प्रधान नागेंद्र व उनके पट्टीदार घनश्याम के बीच विवाद चला आ रहा है। इसे लेकर कुछ दिन पूर्व भी दोनों में मारपीट हुई थी। उस मामले में घनश्याम के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है।
दोनो पक्षों के विवाद की जानकारी पर पहुंची पुलिस
शुक्रवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे उसी मामले को लेकर पुनः दोनों पक्ष में विवाद होने की जानकारी मिलने पर थाने से पुलिस टीम मौके पर गई थी। दोनो पक्ष की बात सुनने के बाद पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को हिरासत में लेना चाहा।
आगे बढ़ने पर हिस्टीशीटर ने किया हमला
बताते हैं कि पुलिस बीच- बचाव करते हुए हिस्ट्रीशीटर घनश्याम को पकड़ा चाह रही थी। तभी उसने धारदार हथियार से अल्लाउदीन नामक सिपाही पर हमला कर दिया। उसके हमले से सिपाही के बाएं कंधे पर चोट आई है।
अंधेरे का फायदा उठाते हुए हुआ फरार
हमला करते ही अफरातफरी मच गई। इस दौरान अंधेरे का लाभ उठाते हुए घनश्याम फरार हो गया। बाद में और पुलिस फोर्स आ गई। उसके घर की तलाशी ली गई पर हिस्ट्रीशीटर नहीं मिला। इधर घायल सिपाही अल्लाउदीन को तत्काल कसया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
हिस्ट्रीशीटर की तलाश जारी
थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गांव में मौजूद है। हिस्ट्रीशीटर की तलाश की जा रही है।