सिद्धार्थनगर जिले में 281 खतरनाक महिलाएं गायब, जानें क्या है मामला
सिद्धार्थनगर जिले में 281 महिलाएं रहस्यमय तरीके से लापता हैं। यह सभी गंभीर अपराधों में संलग्न हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। सिद्धार्थनगर जिले में 281 महिला आरोपित गायब हैं। पुलिस अब उनकी सरगर्मी से तलाश रही है। जिले की यह वह महिलाएं जो विभिन्न मामलों में वांछित हैं। इतना ही नहीं इनमें हत्या, दहेज हत्या जैसे संगीन मामले हैं। पिछले पांच साल में गायब इन महिलाओं की पुलिस परछाई तक नहीं ढूंढ पाई।
जिले में सदर सर्किल के छह थानों की पुलिस को 281 महिला आरोपितों की तलाश है। यह आरोपित विभिन्न संगीन धाराओं में वांछित चल रही हैं। कुछ तो पांच वर्ष से फरार हैं। सीमा पर स्थित अलीगढ़वा कस्बा निवासी दो महिला आरोपितों को नेपाल पुलिस भी खोज रही है। इन पर हत्या जैसे मामले दोनों देशों में दर्ज हैं।
सदर थाना क्षेत्र में सबसे अधिक महिला आरोपित वांछित हैं। सबसे कम कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र में हैं। इनमें से मात्र दो महिला आरोपित ही अभी तक पुलिस के हत्थे चढ़ सकी हैं। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रहा है। एक सूचना मांगी गई कि किस थाना क्षेत्र में कितनी महिला आरोपित वांछित हैं। इसके बाद से महिला आरोपितों की खोज शुरू कर दी गई है। इनका लोकेशन खंगाला जा रहा है।
वांछित महिला आरोपित
थाना संख्या
सदर 82
मोहाना 50
उसका बाजार 48
महिला थाना 42
लोटन 40
कपिलवस्तु 19
चल रहा प्रयास, जल्द होगी गिरफ्तारी
इस संबंध में सीओ सदर दिलीप कुमार ¨सह का कहना है कि वांछित महिला आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी है। नियम के अनुसार इनकी गिरफ्तारी के समय महिला पुलिस का होना अनिवार्य होता है। इसको संज्ञान में लेते हुए दबिश के वक्त महिला जवान की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया गया है। जल्द ही महिला आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।