बेहोशी की स्थिति में सड़क पर मिले चिकित्सक, लूट का संदेह Gorakhpur News
गोरखपुर के गगहा में एक नेत्र चिकित्सक सड़क पर बेहोशी की हालत में मिले। वह आजमगढ़ जिले के जियनपुर तहसील स्थित बिलरियागंज से मरीज देखकर लौट रहे थे। परिजनों ने लूट की आशंका जताई है। पुलिस इसे ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
गोरखपुर, जेएनएन। गगहा थाना से थोड़ी दूरी पर एक नेत्र चिकित्सक सड़क पर बेहोशी की हालत में मिले। परिजन उनका गोरखपुर शहर स्थित एक निजी चिकित्सालय में इलाज करा रहे हैं। चिकित्सक का नाम डाक्टर अजय श्रीवास्तव है। वह शनिवार शाम आजमगढ़ जिले के जियनपुर तहसील स्थित बिलरियागंज से मरीज देखकर लौट रहे थे। परिजनों ने लूट की आशंका जताई है। पुलिस इसे ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
डाक्टर अजय गोरखपुर में कोतवाली क्षेत्र के रीडसाहब धर्मशाला अंतर्गत जगन्नाथपुर में रहते हैं। प्रत्येक शनिवार को वह बिलरियागंज के एक निजी अस्पताल में मरीज देखने जाते हैं। शनिवार को भी वहां मरीज देखने गए थे। इस बार वह बस से बिलरियागंज गए हुए थे। देर रात जब घर नहीं लौटे परिजन परेशान होने लगे। उन्होंने उनकी तलाश शुरू की और बिलरियागंज के थानाध्यक्ष को भी इसकी सूचना दे दी। वहां भी पुलिस छानबीन में जुट गई। इधर भोर में कुछ महिलाएं टहलने के लिए निकली थीं। थाने से कुछ दूरी पर सड़क पर अचेतावस्था में डाक्टर अजय को देखकर वह दंग रह गईं। बगल में उनका मोबाइल भी पड़ा हुआ था। उसकी सहायता से उन्होंने उनके परिजन को सूचना दी। थोड़ी देर में वह भी मौके पर पहुंच गए। गगहा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
चिकित्सक के बहनोई अनूप श्रीवास्तव उन्हें अपने साथ मुख्यालय लेते आए। उन्होंने लूट की आशंका व्यक्त की है। उनका कहना है कि उसके पास से एक सोने की अंगूठी व एक चेन गायब है। पास में वह एक बैग भी रखते हैं। इसके मरीजों को देखने की फीस होती है, यह भी गायब है। उन्होंने कहा कि उनके होश में आने के बाद ही बताया जा सकता है कि उनके साथ हुआ क्या था।