गोरखपुर में बिजली चोरी पकड़ने पर जेई को पीटा Gorakhpur News
आरोप है कि उपभोक्ता अखिलेश दुबे के घर की जांच में मीटर के पहले केबल काटकर चोरी की जा रही थी। जेई ने इसकी जानकारी अखिलेश दुबे को दी। आरोप है कि अखिलेश दुबे नाराज हो गए और जेई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
गोरखपुर, जेएनएन। तिवारीपुर थाना क्षेत्र के सूरजकुंड क्षेत्र में बिजली निगम के अवर अभियंता (जेई) सुनील कुमार यादव को उपभोक्ता, उसके परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों ने पीट दिया। आरोप है कि मीटर से पहले केबल काटकर बिजली की चोरी की जा रही थी। इसकी जानकारी देने पर जेई की पिटाई कर दी गई। जेई ने तिवारीपुर थाने में सगे भाइयों समेत छह के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
पीटने के बाद नाले में धक्का देकर गिराया
सूरजकुंड के जेई सुनील कुमार यादव बुधवार को लाइनमैन सुभाष चंद्र, जगदीश वर्मा, प्रभुनाथ, संविदाकर्मी संदीप वर्मा, रमेश चंद्र शर्मा, कोमल यादव और आमिर अंसारी के साथ घर-घर जाकर कनेक्शन की जांच कर रहे थे। आरोप है कि उपभोक्ता अखिलेश दुबे के घर की जांच में मीटर के पहले केबल काटकर चोरी की जा रही थी। जेई ने इसकी जानकारी अखिलेश दुबे को दी। आरोप है कि अखिलेश दुबे नाराज हो गए और जेई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध होने पर उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों को बुला लिया। सभी ने मिलकर जेई की पिटाई शुरू कर दी। जेई भागे तो सड़क किनारे बने नाले में धकेल दिया। अन्य बिजलीकर्मियों ने किसी तरह जेई को बचाया। जेई ने सगे भाइयों अखिलेश दुबे, अरुण प्रसाद दुबे और शत्रुघ्न प्रसाद दुबे, पड़ोसी गोलू यादव, हनुमान और धर्मराज यादव के खिलाफ तहरीर दी है। जेई ने बताया कि पिटाई से उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और सामाजिक मानहानि हुई है।
बिना सुरक्षा नहीं करेंगे जांच
जेई पर हमले से नाराज बिजलीकर्मियों ने बिना सुरक्षा मिले कनेक्शनों की जांच न करने की बात कही है। राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश त्रिपाठी ने कहा कि पिछले दिनों विकासनगर क्षेत्र में जेई से मारपीट हुई थी। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। बुधवार को सूरजकुंड के जेई को दौड़ाकर पीटा गया। बिजलीकर्मी निर्बाध आपूर्ति के साथ ही सरकार का राजस्व बढ़ाने में जुटे हैं लेकिन उनकी सुरक्षा की चिंता किसी को नहीं है।