ट्रेनों में वेंडर नहीं वसूल पाएंगे मनमाना रेट, रेलवे ने की ऐसी व्यवस्था
ट्रेनों में अब वेंडर मनमानी वसूली नहीं कर पाएंगे। रेलवे ने बोगियों में मेटल की मेन्यू प्लेट लगाने की योजना तैयार की है। इसमें खानपान सामग्री की पूरी लिस्ट दर्ज रहेंगी।
गोरखपुर, जेएनएन। ट्रेनों में अब रास्ते में खानपान के मूल्य को लेकर यात्रियों और वेंडरों में झड़प और कहासुनी नहीं होगी। वेंडर मनमानी वसूली नहीं कर पाएंगे। रेलवे बोर्ड ने बोगियों में मेटल की स्थाई मेन्यू प्लेट लगाने की योजना तैयार की है। प्लेट पर मिलने वाली खानपान सामग्री की पूरी लिस्ट और अन्य सूचनाएं दर्ज रहेंगी।
रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश पर पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन और इंडियन रेलवे कैटङ्क्षरग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (आइआरसीटीसी) ने मंडल कार्यालयों से प्रस्ताव मांगा है। जानकारों का कहना है कि गर्मी की छुट्टियों में भीड़ बढऩे के पहले बोगियों में मेटल प्लेट लग जाएंगे।
दरअसल बोगियों में मेन्यू लिस्ट तो चस्पा होते हैं, लेकिन वेंडर आदि उसे खरोंच कर समाप्त कर देते हैं। लिस्ट पढऩे में नहीं आता। ऐसे में वेंडर अपने हिसाब से बिल बनाते हैं। अधिकतर यात्री समझ नहीं पाते, जो पूछताछ करते हैं वेंडर उनसे उलझ जाते हैं।
पक्का बिल मिलने पर ही करें भुगतान
स्टेशनों पर और ट्रेनों में 'नो बिल-नो पेमेंट' नियम लागू है। यानी बिल मिलने के बाद ही यात्रियों को पेमेंट करना है। इसके लिए वेंडर पीओएस मशीन लेकर चल रहे हैं। यात्री को बिल उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
स्थाई रूप से मेटल के मेन्यू प्लेट लगाए जाएंगे
आइआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम चरण में पेंट्रीकार तथा दूसरे चरण में साइडिंग वेंडिंग वाली ट्रेनों की सभी बोगियों में स्थाई रूप से मेटल के मेन्यू प्लेट लगाए जाएंगे।
गोरखपुर से आनंदविहार के बीच एसी स्लीपर बस सेवा शुरू
आनंद विहार (दिल्ली) की यात्रा करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ के रास्ते गोरखपुर से आनंद विहार के बीच वातानुकूलित स्लीपर बस सेवा शुरू हो गई है। आलमबाग डिपो की यह बस सेवा रोजाना निर्धारित समय से चलाई जाएगी। आलमबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक डीके गर्ग के अनुसार 26 स्लीपर वाली यह बस रोजाना चलेगी। टिकटों की बुकिंग आनलाइन शुरू हो चुकी है। स्लीपर खाली होने पर काउंटर से भी टिकटों की बुकिंग हो जाएगी। गोरखपुर से आनंद विहार का किराया 1866 रुपये निर्धारित है। स्लीपर बस गोरखपुर से शाम 4 बजे से रवाना होगी। लखनऊ से रात 10.50 बजे से चलकर दूसरे दिन सुबह सात बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में यह बस आनंदविहार से रात 10.50 बजे रवाना होगी। दूसरे दिन सुबह 7.30 बजे से लखनऊ से चलकर दोपहर 1.00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
गोरखपुर डिपो से चलेंगी छह एसी पिंक बसें
राप्तीनगर डिपो के एआरएम मुकेश कुमार के अनुसार प्रदेश भर में महिलाओं के लिए पिंक बसें चलाई जाएंगी। लखनऊ से शुरुआत हो चुकी है। गोरखपुर परिक्षेत्र को छह बसें मिली हैं। एसी पिंक बसें गोरखपुर से लखनऊ, प्रयाग और शक्तिनगर के बीच चलाई जाएंगी। बसों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। बस में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन की सुविधा रहेगी। विशेष परिस्थिति में यात्री पैनिक बटन का प्रयोग कर सकती हैं। पैनिक बटन विभाग के अलावा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 से जुड़ा होगा। पैनिक बटन का इस्तेमाल होते ही पुलिस मौके पर पहुंच जाएगी। जल्द ही बसों का संचलन शुरू हो जाएगा।