गोरखपुर में एकला बांध रिंग रोड से वाराणसी हाईवे का रास्ता मंजूर, जाम से मिलेगी राहत
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग-27 से एकला बांध रिंग रोड को जोड़ने के लिए एक्सेस प्वाइंट के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
-1793628743740_m.webp)
5.6 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी सड़क।
HighLights
एकला बांध रिंग रोड-NH-27 एक्सेस को मंजूरी मिली।
5.6 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण होगा।
गोरखपुर में यातायात सुगम होगा, जाम घटेगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग-27 से एकला बांध रिंग रोड को जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है। एक्सेस प्वाइंट के निर्माण के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की मंजूरी मिल गई है। इसके तहत करीब 5.6 करोड़ रुपये की लागत से एक्सेस प्वाइंट के दोनों तरफ सात-सात मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी।
एक तरफ 190 मीटर और दूसरी तरफ 180 मीटर लंबी सड़क का निर्माण होगा। इस स्वीकृति के बाद नगर निगम ने टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। एक्सेस प्वाइंट विकसित होने से एकला बांध रिंग रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचने और हाईवे से रिंग रोड की तरफ आने वाले वाहनों को व्यवस्थित रास्ता मिल सकेगा।
एकला बांध रिंग रोड के निर्माण के बाद इसे गोरखपुर बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 से जोड़ने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए हाईवे पर एक्सेस प्वाइंट भी तैयार किया गया था, लेकिन आवश्यक स्वीकृति और सुरक्षा संबंधी मानकों को लेकर यहां वाहनों का नियमित आवागमन शुरू नहीं हो सका। इसी बीच देर रात मिट्टी से भरे डंपरों के आवागमन के लिए कट खोले जाने का मामला सामने आया था। जानकारी मिलने पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से कट को बंद करा दिया था।
अब राष्ट्रीय राजमार्ग से स्वीकृति मिलने के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है। प्रस्तावित निर्माण के तहत एक्सेस प्वाइंट के दोनों तरफ सड़क विकसित की जाएगी। इससे रिंग रोड से हाईवे पर जाने और हाईवे से रिंग रोड की तरफ आने वाले वाहनों को व्यवस्थित रास्ता मिल सकेगा। सात मीटर चौड़ी सड़क होने से वाहनों की आवाजाही भी सुगम होगी।
हाईवे पर सुरक्षित आवागमन की होगी व्यवस्था
एक्सेस प्वाइंट को विकसित करने में राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा से जुड़े मानकों का ध्यान रखा जाएगा। एनएचएआई के सुझावों के अनुरूप यहां 180-190 मीटर लंबी एक्सेलेरेशन और डी-एक्सेलेरेशन लेन विकसित करने की भी योजना है, ताकि हाईवे पर तेज गति से चलने वाले वाहनों के बीच रिंग रोड से आने-जाने वाले वाहनों का सुरक्षित संचालन हो सके।
नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने इस बारे में कहा कि एकला बांध से वाराणसी हाइवे पर एक्सेस प्वाइंट के निर्माण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से अनुमति मिल गई है। 5.6 करोड़ रुपये की लागत से दोनों तरफ सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
वाराणसी हाईवे पर जाने के लिए मिलेगी सीधी राह, शहर के भीतर जाम से मिलेगी राहत
एकला बांध रिंग रोड का एक्सेस प्वाइंट बनने से वाराणसी हाइवे की तरफ जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। रिंग रोड से सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर पहुंचने का रास्ता मिलने से शहर के भीतर से होकर गुजरने की मजबूरी कम होगी।
खासकर दक्षिणी और आसपास के क्षेत्रों से वाराणसी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सहूलियत मिलेगी। इससे शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव घटाने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। मालवाहक वाहनों को भी वैकल्पिक रास्ता मिलने से आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।