पूर्वोत्तर रेलवे के रनिंग स्टाफ को अब मिलेगा बढ़ा हुआ सेल भत्ता, 120 से बढ़कर हुआ 320 रुपये
पूर्वोत्तर रेलवे के रनिंग स्टाफ को अब 120 रुपये की जगह 320 रुपये मासिक 'सेल भत्ता' मिलेगा। एनई रेलवे मेंस ...और पढ़ें

पूर्वोत्तर रेलवे। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के रनिंग स्टाफ (लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर आदि) को अब बढ़ा हुआ 'सेल भत्ता' मिलेगा। रेलवे प्रशासन ने रनिंग स्टाफ को मिलने वाला सेल भत्ता 120 से बढ़ाकर 320 रुपये कर दिया है।
रेलवे प्रशासन अभी तक रनिंग स्टाफ को प्रति माह आठ सेल की खरीद के लिए 15 रुपये मूल्य के हिसाब से 120 रुपये प्रदान कर रहा था। अब आठ सेल की खरीद के लिए 40 रुपये मूल्य के हिसाब से 320 रुपये प्रति माह प्रदान करेगा। रेलवे प्रशासन के इस निर्णय से रेल कर्मचारियों में खुशी है। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश के बाद भी पूर्वोत्तर रेलवे में कर्मचारियों की यह मांग वर्षोँ से रेलवे प्रशासन के पास लंबित पड़ी थी।
एनई रेलवे मेंस कांग्रेस (एनईआरएमसी) के महामंत्री अखिलेश पांडेय ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के साथ आयोजित स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था। महाप्रबंधक ने इस मांग को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किया था।
महाप्रबंधक की पहल पर कार्मिक विभाग ने बढ़ाया हुआ सेल भत्ता देने की घोषणा की है। पूर्वोत्तर के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी के सचिव सुरेश यादव ने इस आशय का दिशा-निर्देश जारी कर दिया है।
यह भी पढ़ें- कागजी काम खत्म, अब सिर्फ सुरक्षित ट्रेन संचालन पर रहेगा लोको पायलटों का ध्यान
सचिव का कहना है कि संशोधित दर को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के विद्युत विभाग के पात्र रनिंग कर्मचारियों को दिए जाने वाले ड्राई सेल की लागत को 120 से बढ़ाकर 320 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। महाप्रबंधक के अनुमोदन के बाद यह निर्णय लिया गया है। रनिंग स्टाफ के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। संरक्षा व सुरक्षा को देखते हुए प्रत्येक रनिंग स्टाफ को सेल भत्ता प्रदान किया जाता है।
