नेपाल ने गोरखपुर को हराकर ट्राफी पर जमाया कब्जा
कुशीनगर के तमकुहीराज में फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच नेपाल व गोरखपुर की टीम के बीच खेला गया इसमें नेपाल के खिलाड़ियों ने पहले हाफ में एक गोल किया जवाब में गोरखपुर की टीम अंत तक संघर्ष करती रही लेकिन एक भी गोल करने में सफल नहीं हो सकी।
कुशीनगर : तमकुहीराज के फतेह मेमोरियल इंटरमीडिएट कालेज के खेल मैदान में आयोजित 28 वीं राजा इंद्रजीत प्रताप शाही आल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में शनिवार को बुद्ध भूमि एकेडमी बुटवल नेपाल की टीम ने दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर की टीम को 1-0 से हराकर ट्राफी पर कब्जा जमा लिया। दोनों टीमों के मध्य कड़ा मुकाबला हुआ।
मैच के पहले हाफ के 15 वें मिनट में नेपाल के सात नंबर की जर्सी में खेल रहे सुमन थापा ने पहला गोल कर टीम को जो बढ़त दिलाई वह अंत तक कायम रही। गोरखपुर खिलाड़ियों ने गोल करने का काफी प्रयास किया लेकिन नेपाल के गोलकीपर निशान राणा के बेहतर प्रदर्शन के कारण सफल नहीं हो सके।
राजा महेश्वर प्रताप शाही, पूर्व प्रमुख उदय नारायण गुप्ता व डा. केशव गुप्ता ने संयुक्त रूप से विजेता और उप विजेता टीम को ट्राफी प्रदान की। इसके पूर्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू ने खेल का शुभारंभ किया। मैच के मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार गोरखपुर विवि के खिलाड़ी निशू को दिया गया जबकि मैन आफ द मैच का पुरस्कार नेपाल के गोलकीपर निशान राणा को दिया गया। नेपाल टीम के कप्तान रविन थापा को बेहतरीन खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। निर्णायक मंडल में प्रभात मिश्र, हीरालाल निषाद, तुलसी कुमार निगम रहे। संचालन अबरार खान किया। फुटबाल फेडरेशन के अध्यक्ष ओपी सिंह, अमरजीत प्रसाद, राकेश यादव, धुरंधर सिंह धोनी, भीम गुप्ता, जितेंद्र सिंह पटेल, संजय मद्धेशिया, उमाशंकर गुप्ता, राजकुमार वर्मा, दुर्गेश मद्धेशिया, प्रमोद कुमार, शर्मा चौहान, संतोष गुप्ता, बाबूनंद यादव, छोटेलाल चौरसिया आदि मौजूद रहे।
शारीरिक विकास व मनोरंजन का साधन है खेलकूद
क्षेत्र के गांव पिपराझाम में शनिवार को मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर कुश्ती व मेले का आयोजन हुआ। इसमें अंतरजनपदीय पहलवानों ने अपना कला कौशल दिखाया। प्रेमनगर के अभिषेक ने पिपराझाम के बृजेश को, कुशलटोला के मंजूर ने प्रेमनगर के अक्षय कुमार को, प्रेमनगर के सुजीत ने पिपराझाम के अनिल को, अविनाश ने महुंअवा बजराटार के भोलू को, नौतन हथियागढ़ के विकास ने मरकटवा के भोलू को आसमान दिखाया। नौतन हथियागढ़ के फिरोज, मरकटवा के रामू, कुशलटोला के लाल मोहम्मद तथा सिरसिया खोहिया के कुंवर प्रताप सिंह व सेमरा उर्फ झुंगवा की जोड़ी बराबरी पर रही। शुभारंभ पूर्व प्रमुख डा. प्रियेश त्रिपाठी ने पहलवानों का हाथ मिलाकर किया। कहा कि खेल शारीरिक विकास व मनोरंजन का साधन है। रेफरी बैजनाथ यादव रहे। समिति के अध्यक्ष संजीव सिंह ने आभार प्रकट किया। देर शाम तक लोग मेले का लुत्फ उठाते रहे। रमाकांत त्रिपाठी, कृष्णलाल त्रिपाठी, रामअशीष यादव, मनोज सिंह, नवीन त्रिपाठी, पीयूष त्रिपाठी, सचिन त्रिपाठी, परमहंस कुमार, जगलाल रावत, नागेंद्र सिंह, मुमताज अंसारी, अनंत चौबे, प्रशांत सिंह, नित्यानंद यादव, अनिल आदि उपस्थित रहे।