डाक्यूमेंट्री फिल्म से मां भगवती की महिमा दिखाएगा संग्रहालय
जिम्मेदारी को पूरा करते हुए संग्रहालय प्रशासन ने छायाचित्र प्रदर्शनी के मद्देनजर पांच मिनट की डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाई है। इस फिल्म के माध्यम से ऐतिहासिक मृण और प्रस्तर मूर्तियों पर शाक्त परंपरा को दिखाने की कोशिश की गई है।
गोरखपुर, जेएनएन। नवरात्र को सामाजिक सरोकार से जोडऩे के लिए प्रदेश सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने इस वर्ष एक नया अभियान शुरू किया है। नवरात्र की शुभ तिथियों में विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित करके उन्हें सुरक्षा प्रदान करने का। इसके लिए मंत्रालय से जुड़े विभिन्न विभागों को उनकी कार्यप्रणाली के अनुरूप जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में गोरखपुर के राजकीय बौद्ध संग्रहालय को आनलाइन छायाचित्र प्रदर्शनी की जिम्मेदारी मिली है।
आनलाइन छायाचित्र प्रदर्शनी के लिए तैयार की गई है फिल्म
जिम्मेदारी को पूरा करते हुए संग्रहालय प्रशासन ने छायाचित्र प्रदर्शनी के मद्देनजर पांच मिनट की डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाई है। इस फिल्म के माध्यम से ऐतिहासिक मृण और प्रस्तर मूर्तियों पर शाक्त परंपरा को दिखाने की कोशिश की गई है। डाक्यूमेंट्री की शुरुआत 17वीं शताब्दी के एक पांडुलिपि के प्रदर्शन से की गई है, जिसमें मां दुर्गा के अति प्राचीन चित्र के साथ उनकी महिमा का बखान है।
पूरे नवरात्र किया जा सकेगा प्रदर्शनी का अवलोकन
इसके अलावा एक दर्जन से अधिक ऐसे छायाचित्र भी प्रदर्शित किए हैं, जो मातृशक्ति परंपरा से जुड़ी सांस्कृतिक विरासत हैं। सर्वाधिक प्रभावित करने वाला छायाचित्र सप्तमातृका, मां वाराही देवी और नंदी पर आरूढ़ मां पार्वती का है। यह सभी मृण मूर्तियां (मिट्टी की मूर्तियां) हैं। टेराकोटा से बने मातृदेवी मूर्ति के तीन छायाचित्र डाक्यूमेंट्री के अन्य आकर्षण हैं। इस डाक्यूमेंट्री फिल्म आधारित ऑनलाइन छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन नवरात्र के पहले दिन से किया जा सकेगा।
सोशल मीडिया है अवलोकन का जरिया
राजकीय बौद्ध संग्रहालय की ओर से तैयार की गई इस डाक्यूमेंट्री फिल्म का अवलोकन संग्रहालय के फेसबुक पेज पर आसानी से किया जा सकता है। इच्छुक लोग इसे संग्रहालय के यू-ट््यूब चैनल, ट््वीटर और इंस्टाग्राम पर भी देख सकेंगे।
महिला सुरक्षा को बढ़ावा देना ही मकसद
गोरखपुर के राजकीय बौद्ध संग्रहालय के उप निदेशक डॉ. मनोज कुमार गौतम का कहना है कि नवरात्र के अवसर पर मातृशक्ति को दर्शाने वाली डाक्यूमेंट्री फिल्म आधारित ऑनलाइन छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित करने का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण और महिला सुरक्षा को बढ़ावा देना है। इसमें मां भगवती से जुड़ी ऐतिहासिक विरासतों को दर्शाने की कोशिश की गई है।