विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हेलो डॉक्टर: पैरों में सूजन से लेकर कफ की समस्या तक, जानिए जिला अस्पताल के एक्सपर्ट के जवाब

Published: Wed, 19 Aug 2026 12:55 PM (IST)

वर्षा ऋतु में तापमान में उतार-चढ़ाव और जलभराव से संक्रमण का खतरा बढ़ा है। डॉ. राजेश कुमार ने सर्दी-जुकाम, वायरल ...और पढ़ें

वरिष्ठ फिजिशियन डा. राजेश कुमार। जागरण

वरिष्ठ फिजिशियन डा. राजेश कुमार। जागरण

HighLights

  1. गीले कपड़े तुरंत बदलें, शरीर को अच्छी तरह सुखाएं।

  2. घर और आसपास सफाई बनाए रखें, पौष्टिक भोजन लें।

  3. तेज बुखार या गंभीर लक्षण पर तुरंत डॉक्टर से मिलें।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। वर्षा के मौसम में तापमान में उतार-चढ़ाव, नमी और जगह-जगह जमा पानी के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। इस मौसम में सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल बुखार जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। थोड़ी सावधानी बरतकर इनसे काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। यह बातें जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डा. राजेश कुमार ने कही। वह दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम 'हेलो डॉक्टर' में जनता को दूरभाष पर परामर्श दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि वर्षा में भीगने के बाद गीले कपड़े तुरंत बदलने चाहिए और शरीर को अच्छी तरह सुखाना चाहिए। घर और आसपास सफाई रखें। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकना जरूरी है। पर्याप्त नींद और रोजाना हल्की शारीरिक गतिविधि भी शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने में मदद करती है। ताजा और पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता दें।

मौसमी फल, हरी सब्जियां, दालें, साबुत अनाज और पर्याप्त मात्रा में पानी लें। अदरक, तुलसी या हल्दी को संतुलित मात्रा में भोजन में शामिल करें। अधिक तला-भुना और खुले में रखा सामान खाने से बचें। यदि तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से सलाह लें। प्रस्तुत हैं डा. राजेश कुमार द्वारा जनता को दिए गए परामर्श।

सवाल- दाएं पैर में सूजन है, यूरिक एसिड भी बढ़ा हुआ है। -मुरलीधर राय, चौरीचौरा
जवाब- फाइलेरिया की जांच करा लें। केवल एक पैर में सूजन फाइलेरिया की वजह से हो सकता है।

सवाल- चार माह से कफ बन रहा है। गरम पानी भी पी रही हूं लेकिन आराम नहीं मिल रहा है। -इंद्रावती उपाध्याय, खजांची चौक
जवाब- यह एलर्जी लग रही है। इसके लिए आपको नियमित इनहेलर लेना होगा। आप जिला अस्पताल आकर दिखा लें, वहां से इनहेलर भी मिल जाएगा।

सवाल- मम्मी की उम्र 65 साल है। पीठ में दर्द है, पेट भी साफ नहीं होता है। -ट्विंकल त्रिपाठी, अहिरौली खुर्द
जवाब- एक बार जिला अस्पताल में लाकर दिखा दीजिए, अल्ट्रासाउंड कराकर देख लिया जाएगा, उसी के अनुसार दवा चलेगी।

सवाल- एक सप्ताह से गले में खराश और सर्दी है। -धर्म प्रताप चौरसिया, बारीगांव
जवाब- गुनगुने पानी में नमक डालकर गरारा करें। एक सप्ताह से दिक्कत है तो कुछ जांचें जरूरी हैं। इसके लिए आपको जिला अस्पताल आना पड़ेगा।

सवाल- सोकर उठने पर एड़ी में दर्द होता है। -पन्नेलाल, गगहा
जवाब- यह अधिक वजन की वजह से हो सकता है और यूरिक एसिड बढ़ने की वजह से भी। यदि वजन अधिक है तो उसे नियंत्रित करें।

सवाल- पत्नी के गालब्लाडर में पथरी है। पेट भी साफ नहीं होता है। -रामवृक्ष यादव, चौरीचौरा
जवाब- गालब्लाडर में पथरी का आपरेशन कराना पड़ेगा। पेट साफ होने के लिए लैक्टूलोज सिरप 20 मिलीलीटर प्रतिदिन रात को दें।

सवाल- इस मौसम में सर्दी-जुकाम से कैसे बचें? -राखी चौरसिया, लखनऊ
जवाब- वर्षा में भीग जाने पर तत्काल कपड़े बदल लें। बाल सुखा लें। सर्दी होने पर पैरासिटामाल व सेट्रीजिन ले सकती हैं। अपने मन से एंटीबायोटिक दवा न लें। चिकित्सक को दिखाएं।

सवाल- कभी-कभी पेट में दर्द होता है।-दिव्या शंखधर, शाहपुर
जवाब- सामान्य दर्द एक-दो दिन में ठीक हो जाता है। यदि इससे ज्यादा समय तक दर्द बना रहे और बार-बार दर्द हो रहा हो तो चिकत्सक से परामर्श लेना जरूरी है। जिला अस्पताल आ जाएं, सारी जांच हो जाएगी।

सवाल- बुखार होने पर क्या करें? -रानी, इंदिरा नगर
जवाब- पैरासिटामाल लें। यदि चार-पांच दिन में ठीक नहीं हो रहा है तो नजदीकी सरकारी अस्पताल में दिखा लें।

सवाल- सर्दी-जुकाम हो गया है, घरेलू उपचार बताइए। -दीपक सैनी, बांसगांव
जवाब- गुनगुना और पर्याप्त पानी पीएं। भाप लें। दर्द-बुखार होने पर पैरासिटामाल ले सकते हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर AIIMS में उतरेगी एयर एंबुलेंस, 40 मिनट में पहुंच जाएंगे लखनऊ

इन्होंने भी पूछा सवाल
फुलवरिया के रामरतन दूबे, कौड़ीराम की अंशु वर्मा, सिंघड़िया के रामहरख, आर्य नगर के राजीव दत्त व गोरखनाथ की शर्मिला शर्मा ने भी सवाल पूछा। डा. राजेश कुमार ने सभी को संतुष्ट होने तक जवाब दिया।