शहीद पंकज के आंगन की माटी से पुलवामा में बनेगा भारत का नक्शा
शहीद पंकज त्रिपाठी के घर व आंगन की माटी जल्द ही पुलवामा में खुशबू बिखेरेगी। शहीद पंकज त्रिपाठी के घर पहुंचे बेंगलुरु के संगीत शिक्षक उमेश जाधव घर की मिट्टी एकत्र की ।
गोरखपुर, जेएनएन। महराजगंज जिले के फरेंदा विकास खंड के ग्राम सभा हरपुर के टोला बेलहिया निवासी शहीद पंकज त्रिपाठी के घर व आंगन की माटी जल्द ही पुलवामा में खुशबू बिखेरेगी। शहीद पंकज त्रिपाठी के घर पहुंचे बेंगलुरु के संगीत शिक्षक उमेश जाधव घर की मिट्टी एकत्र की । पिछले वर्ष 14 फरवरी 2019 को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में देश के कई जवान शहीद हो गए थे।
इसी क्रम में आतंकी हमले में महाराजगंज जिले के फरेंदा ब्लॉक के हरपुर के लाल पंकज त्रिपाठी ने भी अपनी शहादत दी थी। वीर जवान की कुर्बानी आज भी क्षेत्र के लोगों के स्मृति में जीवंत है। यहां हर वर्ष शहादत के दिन श्रद्धा सुमन अर्पित कर हर कोई अपने माटी पर गर्व महसूस करता है। इस आतंकी हमले ने बेंगलुरु के रहने वाले संगीत शिक्षा उमेश यादव के अंदर तक झकझोर कर रख दिया था। वह शहीद पंकज त्रिपाठी के घर रविवार को पहुंचे।
उन्होंने कहा कि 14 फरवरी 2020 को पुलवामा में आतंकी हमले का एक वर्ष पूरा हो रहा है। इसी दिन पुलवामा में शहीदों के आंगन की पवित्र माटी से पुलवामा में भारत का नक्शा बनाकर भारत की सामूहिक एकता का संदेश देंगे। शहीद पंकज त्रिपाठी की पत्नी रोहिणी त्रिपाठी ने कहा कि मैं शिक्षक द्वारा लिए गए इस संकल्प व जज्बे को सलाम करती हूं। उनके इस प्रयास को मूर्त रूप मिले हमारी ईश्वर से कामना है। शिक्षक के पहल की शहीद के गांव वालों के साथ ही क्षेत्र के लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।