नेपाल में माओवादी बंदी का भारतीय क्षेत्रों में भी असर Gorakhpur News
नेपाल में विप्लव माओवादी गुट ने अपना आंदोलन फिर तेज कर दिया है। बुधवार को भी बंद का असर कई क्षेत्रों में दिखा। नेपाल से सटे भारतीय शहरों में भी बंदी का असर दिख रहा है।
गोरखपुर/महराजगंज, जेएनएन। नेपाल में विप्लव माओवादी गुट ने अपना आंदोलन फिर तेज कर दिया है। बुधवार को भी बंद का असर कई क्षेत्रों में दिखा। पर्यटक नगरी पोखरा व राजधानी काठमांडू में दुकानें व यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। नेपाल से सटे भारतीय शहरों में भी बंदी का असर दिख रहा है।
न्यूज चैनल व एफएम रेडियो भी बंद रहे
विप्लव गुट की धमकी से नेपाल के प्रमुख न्यूज चैनल व एफएम रेडियो भी सोमवार दोपहर तीन बजे से मंगलवार दोपहर तीन बजे तक बंद रहे। बझाड़ पृथ्वीनगर नगर पालिका के वार्ड नं. तीन कार्यालय में विप्लव कार्यकर्ताओं ने आग लगा दी।
प्रेशर कुकर बम मिला
पोखरा, काठमांडू व बर्दिया में कई स्थानों पर प्रेशर कुकर बम रखा मिला। इसके अलावा मुस्तांग जिले में भी बंद का व्यापक असर देखने को मिला। भैरहवा, बुटवल, नवलपरासी, नारायनघाट, पाल्पा आदि शहरों में बंद का मिला जुला असर रहा।
सोनौली में भी रहा बंद का असर
सोनौली सीमा पर भी बंद का असर देखा गया। वाहन न चलने से भारत से नेपाल जाने वाले पर्यटकों को काफी परेशानी हुई। भारतीय मालवाहक ट्रक और पर्यटक वाहन सीमा पर रुक कर बंदी समाप्त होने का इंतजार कर रहे हैं।
कार्यकर्ता की मौत से आक्रोशित है विप्लव गुट
विप्लव गुट के एक कार्यकर्ता की मौत के बाद नेपाल में माहौल गर्म है। माओवादियों ने नेपाल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। करीब एक माह पूर्व इसी आंदोलन के दौरान काठमांडू में बम विस्फोट होने से चार लोगों की मौत हो गई थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप