विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दोस्ती में टूट रहे शादी के अरमान, जा रहा सम्मान; गोरखपुर में हर रोज दर्ज हो रहे झांसा दे दुष्कर्म के कई मामले

By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
Published: Thu, 16 Nov 2023 03:47 PM (IST)

गोरखपुर जिले में हर रोज झासा देकर दुष्कर्म और छेड़खानी के आठ- दस मामले दर्ज हो रहे हैं। पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो महिलाओं के साथ छेड़खानी व दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। इन्हें प्राथमिकता में लेकर पुलिस सभी मामलों में मुकदमा दर्जकर जांच कर रही है। हालांकि कुछ मामले बाद में झूठे भी निकल जा रहे हैं।

गोरखपुर में हर रोज दर्ज हो रहे झांसा दे दुष्कर्म के कई मामले। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
गोरखपुर में हर रोज दर्ज हो रहे झांसा दे दुष्कर्म के कई मामले। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जीजा के दोस्त ने शादी का वायदा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाया और वीडियो भी बना लिया। वह जीजा के घर के पास ही रहता है और उनके साथ मुंबई में काम करता है। कुछ दिन पहले संत कबीरनगर में दीदी की ससुराल गई थी, तभी उससे दोस्ती हुई। उसने मोबाइल फोन भी दिया था। उसी से रोज बातें होती थीं। जब शादी का दबाव बनाया तो वह वीडियो प्रसारित करने की धमकी देने लगा।

घरवालों को जानकारी दी तो युवक मोबाइल फोन बंदकर फरार हो गया। यह तो महज एक युवती की पीड़ा है। इन दिनों थानों से लेकर अधिकारियों के कार्यालय तक ऐसे कई मामले प्रतिदिन आ रहे हैं। पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो महिलाओं के साथ छेड़खानी व दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। हर दिन करीब आठ से दस मामले आ रहे हैं। इन्हें प्राथमिकता में लेकर पुलिस सभी मामलों में मुकदमा दर्जकर जांच कर रही है। हालांकि कुछ मामले बाद में झूठे भी निकल जा रहे हैं।

केस -एक: गुलरिहा थाना क्षेत्र में 10 नवंबर 2023 को एक मामला सामने आया। यहां की एक युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने तीन साल तक दुष्कर्म किया। युवती के पिता ने आरोप लगाते हुए कार्रवाई के लिए युवक के विरुद्ध थाने में तहरीर भी दी है। बताया है कि अब युवक शादी से मुकर रहा है। उसकी कहीं और शादी तय हो गई है। जानकारी होने के बाद युवती ने कीटनाशक खाकर जान देने की कोशिश की। बीआरडी मेडिकल कालेज में उपचार कराने के बाद स्वजन रिश्तेदार के यहां युवती को रखे हैं।

केस-दो: पिपराइच क्षेत्र में मई 2023 में एक मामला सामने आया। मां के साथ अकेली रहने वाली एक युवती की एक साल पहले गुलरिहा क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर-2 के युवक के साथ शादी तय हुई थी। इसी बीच युवती के घर में युवक का आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि युवक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इसी बीच 28 मई को दोनों की शादी की तारीख तय हो गई। इसके बाद युवक ने रुपये की मांग करते हुए शादी तोड़ दी। मां ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

केस-तीन: गोला क्षेत्र में नौ अक्टूबर को एक मामला सामने आया। यहां की एक महिला ने आरोप लगाया कि घर में अकेला पाकर खजनी के रिश्तेदार ने वर्ष 2022 में उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना लिया। उस समय बेटी नाबालिग थी। इसके बाद वह जब भी बेटी को अकेला पाता, जोर-जबरदस्ती करता था। इसी बीच शादी का झांसा देकर जून 2023 में वह बेटी को भगाकर रुस्तमपुर स्थित एक घर में ले गया, वहां उसने बेटी को नशीला पदार्थ खिलाकर दोस्तों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

क्या कहती हैं एसपी क्राइम

प्रत्येक दिन कार्यालय से लेकर थानों पर दुष्कर्म व छेड़खानी के आठ से दस मामले आ रहे हैं। पुलिस प्राथमिकता के आधार पर केस दर्ज कर रही है। बाद में जांच के दौरान कुछ मामले झूठे भी निकल रहे हैं। इस तरह के मामलों से बचने के लिए महिलाओं व युवतियों को खुद जागरूक होना होगा और अच्छे-बुरे की पहचान करनी होगी। -इंदु प्रभा सिंह, एसपी क्राइम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।