Maharajganj Weather Update: सुरज के तीखे तेवर व धूल भरी हवाओं ने बढ़ाई दिक्कत, चिलचिलाती धूप में छाता लेकर स्कूल पहुंचे छात्र
Today Gorakhpur Weather News Update महराजगंज जिले वासियों को तेज धूप और दिनभर चल रही गर्म हवाओं ने तबाह कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप के कारण विद्यालय जा रहे बच्चे सड़क पर छाता लेकर जाते दिखे।
महराजगंज, जागरण टीम। महराजगंज जिले में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सुबह से सुरज के तीखे तेवर के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। मई महीने के तीसरे सप्ताह में एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच गुरुवार को दिन का पारा बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। तेज धूप और दोपहर के समय लू का प्रकोप लोगों को परेशान कर दिया। ऐसे में शहर की सड़कों पर पैदल चलने वालों की संख्या काफी कम हो गई, विद्यालयों से लौटते बच्चों को छाता का सहारा लेना पड़ा। लगातार बढ़ती गर्मी का असर आम लोगों के साथ ही जानवरों पर भी पड़ने लगा है। तेज गर्मी के कारण जानवर भी कई तालाबों के सूख जाने के कारण पानी के लिए भटकते दिख रहे हैं। वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
अगले कुछ दिनों तक नहीं मिलेगी राहत: दिन- प्रतिदिन बढ़ रही गर्मी से हर तबके के लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोग बेहाल नजर आ रहे हैं। अगले कुछ दिनों में दिन के अधिकतम तापमान के और बढ़ने के आसार दिख रहे हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान भी बढ़ने के कारण गर्मी से लोगों में बेचैनी भी बढ़ने लगी है। मौसम के मिजाज का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही तेज हवा चलने से लू का भी प्रकोप दिखने लगा है। गुरुवार को दिन के 11 बजे के बाद गर्मी का आलम यह रहा कि लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज करते दिखे।
उधर, कृषि विज्ञान केंद्र वसूली के वैज्ञानिकों ने अगले दो- तीन दिन में तापमान में कोई कमी नहीं होने की संभावना व्यक्त की है। लगातार बढ़ती गर्मी से बचाव के लिए लोग मुंह को बांध कर घर से बाहर निकल रहे हैं। कई इलाकों में लोग सुबह आठ बजे के बाद छाता हाथ में लेकर निकल रहे हैं। ताकि वे तेज धूप से खुद को बचा सके।