त्योहार करीब आते ही गोरखपुर में शुरू हुई रसोई गैस की किल्लत
त्योहार करीब आते ही गोरखपुर में रसोई गैस का संकट गहराने लगा है।
गोरखपुर, दुर्गेश त्रिपाठी। इंडियन आयल की एजेंसियों पर रसोई गैस का संकट गहराने लगा है। मांग बढऩे और लखनऊ प्लांट से कम सिलेंडर आने के कारण कई एजेंसियों पर बैकलॉग 10 दिन तक पहुंच गया है। उपभोक्ता फिर एजेंसी के गोदाम और शोरूम का चक्कर काटने लगेे हैं। लोगों की परेशानी के बाद भी आपूर्ति विभाग, इंडियन आयल और प्रशासन के अफसर आपूर्ति बढ़ाने की चिट्ठी लिखकर शांत हो जा रहे हैं। जल्द आपूर्ति नहीं बढ़ी तो हालात बेकाबू हो सकते हैं।
दशहरा के पहले से रसोई गैस की मांग में इजाफा होता है। दिवाली आते-आते डिमांड और बढऩे लगती है। इसके लिए ऑयल कंपनियां पहले से ही तैयारी में जुट जाती हैं। त्योहार को देखते हुए आपूर्ति बढ़ा दी जाती है, लेकिन इस बार अब तक इंडियन ऑयल ने आपूर्ति नहीं बढ़ाई। आलम यह है कि मांग बढ़ रही है, लेकिन आपूर्ति पहले की तरह है।
ठंड में और होगी समस्या
दिवाली तक आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो ठंड में इंडियन ऑयल की एजेंसियों पर जकी समस्या और विकराल रूप धारण करेगी। वजह, ठंड में रसोई गैस की डिमांड बढ़ जाती है।
बाटलिंग प्लांट से आपूर्ति में अभी देर
इंडियन आयल के गीडा स्थित बाटलिंग प्लांट से रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति में अभी देर है। प्लांट शुरू करने के लिए नवंबर की डेडलाइन तय की गई है। प्लांट शुरू होगा तो तकरीबन दो महीने तक कामर्शियल सिलेंडर में गैस भरी जाएगी। इसके बाद रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति होगी। यानी जनवरी से पहले इंडियन ऑयल के गीडा बाटलिंग प्लांट से रसोई गैस की संभावना नहीं दिख रही है।
होली में भी हुई थी कमी
होली में भी रसोई गैस की कमी के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। स्थिति यह थी कि एक महीने पहले की बुकिंग के बाद भी सिलेंडर के लिए धक्के खाने पड़े थे।
150 ट्रक सिलेंडर की जरूरत
गोरखपुर-बस्ती मंडल में इंडियन ऑयल के रोजाना तकरीबन 150 ट्रक सिलेंडर (एक ट्रक में तीन सौ सिलेंडर होते हैं) की जरूरत होती है। वर्तमान में 100 के आसपास ट्रक सिलेंडर ही मिल पा रहे हैं।
बीपीसी व एचपी में दिक्कत नहीं
भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन (बीपीसी) में पर्याप्त आपूर्ति मिलने के कारण कोई दिक्कत नहीं है। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गंगा सागर राय कहते हैं कि बैतालपुर बाटलिंग प्लांट से भारत पेट्रोलियम की एजेंसियों पर रोजाना 60 ट्रक सिलेंडर भेजे जा रहे हैं। ङ्क्षहदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन (एचपीसी) की रसोई गैस एजेंसी सुशीला गैस के संजय तिवारी ने कहा कि रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है।
यहां करें फोन
रसोई गैस से जुड़ी समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 18002333555 पर फोन करें
लखनऊ का प्लांट अपनी क्षमता से 130 फीसद ज्यादा उत्पादन कर रहा है। कुछ दिक्कत है। जल्द ही आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। गोरखपुर का बाटलिंग प्लांट भी जल्द उत्पादन शुरू कर देगा। सभी को समय से रसोई गैस सिलेंडर मिलेंगे। - मुनीश गुप्ता, चीफ एरिया मैनेजर, इंडियन आयल।