गोरखपुर में बिजली व्यवस्था न सुधार पाने पर मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल हटाए गए, लोकेंद्र बहादुर सिंह को मिली कमान
गोरखपुर के मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल को बिजली व्यवस्था सुधारने में नाकाम रहने पर हटा दिया गया है। उनकी जगह ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पंकज अग्रवाल को बिजली व्यवस्था में सुधार न करने पर हटाया गया।
मिर्जापुर के लोकेंद्र बहादुर सिंह गोरखपुर के नए मुख्य अभियंता बने।
निर्बाध बिजली आपूर्ति और उपभोक्ता समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बिजली व्यवस्था सुधार पाने में नाकाम गोरखपुर के मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल को हटा दिया गया है। उनकी जगह मिर्जापुर के मुख्य अभियंता लोकेंद्र बहादुर सिंह को गोरखपुर का नया मुख्य अभियंता बनाया गया है। लोकेंद्र बहादुर सिंह गोरखपुर शहर के अधीक्षण अभियंता रह चुके हैं और उनके कार्यकाल में बिजली व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ था। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने तबादले का आदेश जारी कर दिया है।
30 मार्च को तत्कालीन मुख्य अभियंता आशुतोष श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने के बाद से जिले की बिजली व्यवस्था लगातार खराब होती जा रही थी। कई अभियंता अपने उच्चाधिकारियों का ही निर्देश नहीं मान रहे हैं। उच्चाधिकारियों के फील्ड में सक्रिय न होने का खामियाजा बिजली उपभोक्ताओं को लगातार भुगतना पड़ रहा है।
महानगर में राप्तीनगर खंड हो या ग्रामीण क्षेत्र में कौड़ीराम, सिकरीगंज ,सहजनवा या कैंपियरगंज हो, हर जगह बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। उपभोक्ताओं की समस्याओं का भी समाधान नहीं हो रहा है। पांच दिन पहले वर्षा और आंधी के बाद अब भी ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था बदहाल ही है।
इसे लेकर लगातार शिकायत हो रही थी। इस बीच पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और निदेशक तकनीकी जितेंद्र नलवाया गोरखपुर आए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था की स्थिति देखी तो खुद हैरान रह गए। इसके बाद आननफानन बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए सोमवार पूरी रात ग्रामीण क्षेत्रों में काम कराया गया।
निर्बाध आपूर्ति और उपभोक्ताओं की समस्या दूर करना प्राथमिकता
दैनिक जागरण से दूरभाष पर बात करते हुए लोकेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति करना और उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता होगी। उपभोक्ताओं को उपकेन्द्रों पर न भटकना पड़े इसके लिए व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी समस्याएं, अधिकारियों से बोले- प्राथमिकता से कराएं निराकरण
इंटरनेट मीडिया को प्रभावी करते हुए उपभोक्ताओं को जोड़ा जाएगा। उनकी शिकायतें सुनकर तत्काल निस्तारण कराया जाएगा। उपभोक्ताओं का फोन काल न रिसीव करने वालों को दंडित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर राप्ती नदी के बढ़े जलस्तर का दो दिनों से आ रहा अलर्ट, क्या है इसका मतलब
