Coronavirus Gorakhpur News Updates: सिद्धार्थनगर में कोरोना के दो नए मरीज मिले
Coronavirus Gorakhpur News Updates 7 June 2020 गोरखपुर-बस्ती मंडल में कोरोना वायरस की खबरों को जानने के लिए बने रहें हमारे साथ।
गोरखपुर, जेएनएन। बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर से सिद्धार्थनगर जिले की रविवार को कुल 127 लोगों की रिपोर्ट जारी हुई। इसमें 125 निगेटिव और दो पॉजिटिव पाए गए हैं। यह पॉजिटिव बढ़नी ब्लाक के ग्राम भुहवलिया का निवासी है। मुंबई से गांव आया था। बुखार की शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे शोहरतगढ़ के सुभाष चंद्र बालिका इंटर कालेज में क्वारंटाइन कराया। जबकि दूसरा मरीज भी मुम्बई से आया था। बुखार की शिकायत पर इसे महामाया पालीटेक्निक कालेज बांसी में क्वारंटाइन किया गया था। सीएमओ डा. सीमा राय ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक पॉजिटिव मरीजों की संख्या 144 हो गई है। इसमें से 93 लोग ठीक हो चुके हैं। अब जिले में 48 एक्टिव केस हैं। अब तक 3767 लोगों की जांच हुई है, इसमें 2901 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पांच लोगों की मौत हो चुकी है। 327 लोगों के जांच रिपोर्ट अभी आनी शेष है। 127 नए संदिग्धों का नमूना एकत्र किया गया है। दोनों पॉजिटिव मरीजों को बर्डपुर सीएचसी में आइसोलेट किया जा रहा है। अब सीएचसी बर्डपुर में 10 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा संतकबीर नगर में सात, बस्ती के रुधौली में 17, एल-टू फैसेल्टी बस्ती में नौ, बीआरडी मेडिकल कालेज में तीन मरीज का इलाज हो रहा है।
संक्रमित जूनियर डॉक्टर के संपर्क में आने वाले 42 स्वास्थ्य कर्मी होम क्वारंटाइन
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एनेस्थिसिया विभाग के एक जूनियर डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। कॉलेज प्रशासन ने जूनियर डॉक्टर के संपर्क मे आने वाले कई डॉक्टरों सहित 42 स्वास्थ्य कर्मियों का नमूना जांच के लिए भेज दिया है। सभी होम क्वारंटाइन हैं।
संक्रमित डॉक्टर ने कोरोना वार्ड में ड्यूटी नहीं की है। ऐसे में उनका पॉजिटिव होना कॉलेज प्रशासन के गले नहीं उतर रहा। डॉक्टर ने जिन वार्डों में ड्यूटी की है, उन सभी को सैनिटाइज किया गया है। चूंकि डॉक्टर ने बीते कुछ दिनों में ज्यादा समय सर्जरी विभाग में बिताए हैं, ऐसे में क्वारंटाइन होने वालों में उस विभाग के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या अधिक है। कॉलेज प्राचार्य डॉ.गणेश कुमार ने बताया कि संक्रमण को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
एक महिला डॉक्टर की भी तबियत खराब
बीआरडी मेडिकल कॉलेज की एक महिला डॉक्टर की भी तबीयत शनिवार को खराब हो गई। महिला डॉक्टर में कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। फिलहाल विभाग ने उनकी जांच का फैसला लिया है।
निजी अस्पताल के डॉक्टर भी मिल चुके हैं कोरोना पॉजिटिव
जिले में पहले एक निजी अस्पताल के डॉक्टर भी कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। 15 मिनट की ईसीजी के दौरान ही वह संक्रमित हो गए थे। फिलहाल डॉक्टर ठीक हो चुके हैं।
31 निगेटिव, जूनियर डॉक्टर सहित मिले चार कोरोना पॉजिटिव
कोरोना संक्रमण को लेकर शनिवार को कुल 35 नमूनों की जांच हुई। इनमें 31 निगेटिव व चार पॉजिटिव पाए गए। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एक जूनियर डॉक्टर सहित पांच साल की मासूम ब'ची और भाई-बहन में संक्रमण मिला है। मासूम ब'ची सहजनवां के नेवास गांव की रहने वाली है। इसके माता-पिता पहले ही पॉजिटिव मिल चुके हैं। जबकि उसकी बड़ी बहन की रिपोर्ट निगेटिव आई है। संक्रमित भाई-बहन चरगांवा के एकला नंबर दो के निवासी हैं। इनके पिता में पहले संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
नेवास गांव की रहने वाली मासूम के माता-पिता की रिपोर्ट दो जून को कोरोना पॉजिटिव मिली थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिजनों का नमूना जांच के लिए भेजा था। शनिवार परिजनों में पांच साल की बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव और बड़ी बेटी की रिपोर्ट निगेटिव आई। चरगांवा के एकला नंबर दो के रहने वाले बहन-भाई के नमूना जांच का फैसला स्वास्थ्य विभाग ने पिता के संक्रमित होने के बाद लिया था। सीएमओ डॉ.श्रीकांत तिवारी ने इस रिपोर्ट की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मासूम को बीआरडी मेडिकल कॉलेज और भाई-बहन को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। एकला नंबर दो को हॉट-स्पॉट घोषित करते हुए गांव को सील किया जाएगा। इनके संपर्क में आने वालों के नमूने भी लिए जाएंगे। गांव को सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिले मे कोरोना मरीजों की संख्या 129 हो गई है। इनमें से 37 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि सात की मौत हो गई है। 86 संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है। सीएमओ ने बताया कि फिलहाल मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर को संक्रमित मरीजों की सूची में नहीं जोड़ा गया है।