Coronavirus Gorakhpur News Updates: सिद्धार्थनगर में दो महिला सिपाही समेत 10 और पॉजिटिव मिले
Coronavirus Gorakhpur News Updates 23 June 2020 गोरखपुर-बस्ती मंडल में कोरोना वायरस की खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।
गोरखपुर, जेएनएन। सिद्धार्थनगर जिले में 10 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें दो महिला सिपाही भी शामिल हैं। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 230 हो गई है। मंगलवार को सात मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौटे। 161 लोग अभी तक स्वस्थ हो चुके है। दस लोगों की मौत हुई है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर से कुल 71 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 61 लोग निगेटिव हैं। पॉजिटिव में नौगढ़ तहसील क्षेत्र के पांच संक्रमित हैं, जिनमें दो महिला पुलिस कर्मी हैं। संक्रमित मिली एक महिला सिपाही शोहरतगढ़ सर्किल व दूसरी पुलिस लाइन में तैनात है। यह गोरखपुर व आजमगढ़ से लौटी थी। पुलिस लाइन में इन्हें 14 दिन क्वारंटाइन किया गया था। इसके अलावा नौगढ़ के भीमापार में दो मरीज मिले हैं।
कुशीनगर में भी नौ नए केस
कुशीनगर में भी नौ नए केस मिले हैं। जनपद में अब संक्रमितों की संख्या 96 हो गई है। सीएमओ डॉक्टर एनपी गुप्त ने बताया कि सभी के बारे में जानकारी एकत्रित कर गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी जा रही है। संपर्क में आने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। बताया कि अब तक तीन की मौत हो चुकी है और 59 स्वस्थ हो चुके हैं।
संत कबीरनगर में भी चार पाॅजिटिव केस
मंगलवार को संतकबीर नगर जिले की 54 लोगों की जांच रिपोर्ट आई। इसमें चार कोरोना पाॅजिटिव पाए गए। कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर अब 199 हो गई है। जिले के मेंहदावल ब्लाक के नंदौर गांव के तीन और हैंसर बाजार ब्लाक के मलौली गांव के एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब तक 5,354 स्वाब के सैंपल की जांच कराई गई है। इसमें 4,747 निगेटिव और 199 कोरोना पॉजिटिव केस हैं। अब तक कोरोना से सात लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कोरोना वार्ड में भर्ती रहे 150 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने यह जानकारी दी है।
कोरोना संक्रमण से एक दिन में तीन मौतें, एक ही परिवार के 11 लोग संक्रमित
सिद्धार्थनगर जिले के दो कोरोना संक्रमितों की बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में एक अधिवक्ता और एक महिला है। दोनों की मौत की पुष्टि सीएमओ डा. सीमा राय ने की। देवरिया के भी एक संक्रमित की मौत हुई है।
सिद्धार्थनगर के अधिवक्ता 60 वर्षीय राजेश कुमार त्रिपाठी डुमरियागंज के वार्ड नंबर 13 के लक्ष्मण नगर निवासी थे और जिला मुख्यालय पर वकालत करते थे। उन्हें 16 जून को सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई तो इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भर्ती कराया गया था। दूसरी मृतक संगीता देवी उस्का ब्लाक के महनी की रहने वाली थीं।
उधर मेडिकल कालेज से सोमवार को 244 नमूनों की रिपोर्ट जारी हुई, जिसमें 15 पॉजिटिव और 229 निगेटिव मिले। जिले में संक्रमितों की संख्या अब 220 हो गई है। इसमें 154 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। अब तक दस की मौत हो चुकी है। सोमवार को मिले संक्रमितों में एक ही परिवार के 11 सदस्य हैं। यह परिवार उस्का ब्लाक के रेहरा गांव के निवासी हैं। उनकी उस्का के मुख्य बाजार में ज्वेलरी की दुकान है। प्रशासन ने मुख्य बाजार के रास्ते को सील करा दिया है।
देवरिया में भी एक की मौत
देवरिया के खुखुंदू निवासी 38 वर्षीय सुरेंद्र यादव की भी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह तीन जून को महाराष्ट्र से आए थे। तबीयत खराब होने पर उनकी कोरोना जांच कराई गई। पॉजिटिव आने पर उन्हें 16 जून को मेेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था।