Coronavirus Gorakhpur News Updates: संतकबीर नगर में एक और कोरोना का मरीज मिला, संक्रमितों की संख्या 168 हुई
Live Coronavirus Gorakhpur News Updates 19 June 2020 गोरखपुर में कोरोना वायरस के नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ गोरखपुर में अब कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 206 हो गई है।
गोरखपुर, जेएनएन। संतकबीर नगर में शुक्रवार को कुल 201 सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है। इसमें 200 निगेटिव और एक युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर अब 168 हो गई है। बघौली ब्लाक के चांदीडीहा गांव का 25 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसे सेंट थामस इंटर कालेज-खलीलाबाद में भर्ती करा दिया गया है। जिले में अब तक सात लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जबकि 126 कोरोना पॉजिटिव मरीज अस्पताल से स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने यह जानकारी दी है।
देवरिया में मिले कोरोना वायरस के छह नए केस
देवरिया में शुक्रवार को बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से 216 लोगों की जांच रिपोर्ट जारी की गई। जिसमें 210 निगेटिव व छः पॉजिटिव हैं। इस तरह से संक्रमित लोगों की संख्या 163 हो गई है। आज के संक्रमित शिवपुर पडरही रामलक्षण रुद्रपुर, पकड़ी खास बनकटा, तवकलपुर रामपुर कारखाना, नरायनपुर दुबे भाटपाररानी, टड़वा बनकटा, रामपुरकारखाना के निवासी है। अभी तक तीन कोरोना मरीजो की मौत हुई है। सीएमओ डॉ आलोक पांडेय ने कहा कि आज छह की रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गावों में निरोधात्मक कार्य मे जुट गई है।
गोरखपुर में 10 और लोगों में मिला कोरोना संक्रमण
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर गुरुवार को कुल 224 नमूनों की जांच हुई। इसमें 214 निगेटिव व 10 पॉजिटिव पाए गए। इसमें शहर के तारामंडल क्षेत्र के वसुंधरा इन्क्लेव के 22 नंबर ब्लाक का एक 48 व्यक्ति व्यक्ति भी शामिल है जो एम्स में काम करता है। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 206 हो गई है। 127 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं, आठ की मौत हो चुकी है। 71 मरीजों का इलाज चल रहा है।
उरूवा क्षेत्र के पिप्लवी बुजुर्ग निवासी 35 व 26 वर्षीय युवक 11 जून को, भताड़ी निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति तीन जून को दिल्ली से आए थे। बेलघाट का 32 वर्षीय युवक 13 जून को मुंबई से आया था। लालगंज, बड़हलगंज के 63 वर्षीय व्यक्ति तबीयत खराब होने पर गीडा के डेंटल कॉलेज में क्वारंटाइन हुए थे।
खजनी के घोड़सरी निवासी 36 वर्षीय महिला नौ जून को दिल्ली से, खोराबार क्षेत्र के 40 वर्षीय व्यक्ति 11 जून को मुंबई से और चौरीचौरा के बालबुजुर्ग निवासी 50 वर्षीय महिला नौ जून को दिल्ली से आई थीं। जांच में सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभाग के संक्रमित डॉक्टर के एक 26 वर्षीय रिश्तेदार में भी कोरोना संक्रमण मिला है। उनकी पत्नी व सास-ससुर एक दिन पहले ही पॉजिटिव आ चुके हैं। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि जो भी संक्रमित पाए गए हैं, उन सभी के गांव व कॉलोनी को सील कर सैनिटाइज करने का निर्देश दिया गया है। उनके संपर्क वाले लोगों की तलाश की जा रही है। एक- एक व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी।
मरीज के बारे में जानकारी नहीं दे रहा था परिवार
एक दिन पहले गोरखनाथ स्थित एक अस्पताल में आदित्यपुरी, नथमलपुर निवासी महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर पहुंची तो परिवार वालों ने मरीज के बारे में सामान्य जानकारी भी नहीं दी। टीम जब दोबारा गई और सख्त तेवर अपनाया तब परिजनों ने जानकारी दी। बताया जाता है कि संक्रमित महिला विश्वविद्यालय में कार्यरत एक क्लर्क की पत्नी है।
वसुंधरा इन्क्लेव के 48 लोगों के लिए गए थे नमूने
शहर के तारामंडल क्षेत्र स्थित वसुंधरा इन्क्लेव में 48 लोगों के नमूने लिए गए थे। जिसमें से एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। 13 लोगों की अभी जांच नहीं हो पाई है। शेष नमूने निगेटिव आए हैं।