सोहगीबरवा जंगल में मिला तेंदुए का क्षत विक्षत शव Gorakhpur News
यूपी के महराजगंज में सोहगीबरवा जंगल में रविवार को एक तेंदुआ का क्षत विक्षत शव मिला है।
By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Sun, 09 Aug 2020 12:59 PM (IST)Updated: Sun, 09 Aug 2020 12:59 PM (IST)
महराजगंज, जेएनएन। बिहार के वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के सटे महराजगंज जिले के सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के शिवपुर रेंज में रविवार की सुबह वनकर्मियों ने एक तेंदुए का क्षत विक्षत शव बरामद किया है। घटना स्थल पर बाघ के पदचिन्ह मिलने से आशंका जताई जा रही है कि बाघ ने ही तेंदुए को अपना शिकार बनाया है। वनकर्मियों को कुछ ग्रामीणों से सूचना मिली कि जंगल मे एक तेंदुए का शव नजर आया है। इसके बाद शिवपुर रेंजर उमाशंकर लाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम हरकत में आई और शव ढूंढना शुरू किया। लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिलने पर वनकर्मी लौट लाए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
रविवार की भोर में दोबारा वन कर्मी जंगल की तरफ गए, जहां सुबह शिवपुर रेंज के अंतर्गत बीट संख्या-54 के कम्पार्ट संख्या- दो में तेंदुए का क्षत विक्षत शव बरामद किया है। डीएफओ पुष्प कुमार के ने कहा कि तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
शिवपुर रेंज में बाघों की दिखी हलचल
निचलौल, महराजगंज: सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग का शिवपुर रेंज बिहार के वाल्मीकि नगर टाइगर रिजर्व की सीमा क्षेत्र से लगा हुआ है। ऐसे में बाघ आदि वन्य जीव विचरण करते हुए सोहगीबरवा तक पहुंच जाते हैं। वर्ष 2018 में एक नर व एक मादा बाघ के साथ तीन शावकों की चहलकदमी कैमरे में कैद हुई थी। पुन: बाघों की उपस्थिति से वनकर्मी उत्साहित हैं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें