Kushinagar News: ट्रैक्टर चालक की हत्या कर नदी किनारे फेंका गया शव, जांच में जुटी पुलिस
Kushinagar Hindi News मामला कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र का है। यहां शुक्रवार को काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले ट्रैक्टर चालक का शव शनिवार को नदी किनारे मिला है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। कुशीनगर जिले के कसया के कुरमौटा मंझरिया में एक ट्रैक्टर चालक की हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार की सुबह उसका शव सतुगड़ही देवी स्थान के समीप छोटी गंडक के किनारे मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत कर जानकारी ली और मामले की छानबीन में जुटी है।
ये है मामला: 35 वर्षीय अवधेश ट्रैक्टर चालक था। स्वजनों के अनुसार वह ट्रैक्टर मालिक के घर ही ज्यादातर रहता था। उसने पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी की थी। उससे एक पुत्र हुआ। चार वर्ष पूर्व पत्नी बेटे को साथ लेकर कहीं चली गई। घर में 70 वर्षीय बूढ़ी मां कलावती देवी व बड़ा भाई मनोज है। अकेला होने के कारण अवधेश अक्सर बाहर ही रहता था। गुरुवार की रात वह घर आया था। अगली सुबह यानी शुक्रवार को अपनी मां से काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था।
इस हाल में मिला चालक का शव: शनिवार की सुबह गांव के लोग मंदिर के समीप नदी की ओर गए तो उन्होंने अवधेश का शव देखा तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के गर्दन पर चोट का निशान था। मौके की स्थिति से ऐसा लग रहा था कि हत्या कहीं और करके शव नदी किनारे फेंक दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मृतक को शराब पीने की लत थी। उसकी किसी से कोई रंजिश सामने नहीं आई है। मां और बड़ा भाई भी कुछ नहीं बता रहे हैं। मृतक के गले पर चोट का निशान मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।
मां का बिलखना देख भर आईं लोगों की आंखें: बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। दहाड़े मारकर रोने लगी। घटनास्थल पर बुजुर्ग का बिलखना देख वहां मौजूद सभी की आंखें भर आईं।