देवरिया से अपहरण कर गोरखपुर में चार माह तक करते रहे दुष्कर्म, जानें-चंगुल से कैसे छूटी महिला Gorakhpur News
पड़ोसी प्रांत बिहार के गुठनी थाना क्षेत्र की एक महिला जुलाई में अपने मामा के घर देवरिया आई थी। महिला का कहना है कि वह अपनी मां मामी के साथ पूजा करने के लिए 12 जुलाई को गई थी।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया शहर से एक महिला का असलहे के बल पर अपहरण कर गोरखपुर में दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में महिला ने एसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है। एसपी ने मामले की जांच देवरिया सदर कोतवाल को सौंपी है।
पड़ोसी प्रांत बिहार के गुठनी थाना क्षेत्र की एक महिला जुलाई में अपने मामा के घर देवरिया आई थी। महिला का कहना है कि वह अपनी मां, मामी के साथ पूजा करने के लिए 12 जुलाई को गई थी। इस बीच एक चार पहिया वाहन में सवार बिहार के तीन लोग आए और उसे अपने पास बुलाया। इसके बाद असलहा सटाकर उसे उठा ले गए तथा गोरखपुर में एक स्थान पर ले जाकर उसके साथ असलहे के बल पर तीनों ने दुष्कर्म किया। 30 अक्टूबर को उनके पास से वह किसी तरह छूट कर आई। इसके बाद उसने अपने परिजनों को अपहरण के बाद दुष्कर्म की पूरी जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। अब पीडि़ता ने एसपी से गुहार लगाई है। सदर कोतवाल अरुण मौर्या ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
धमकी से डरे युवक ने सगाई में जाने से किया इन्कार
एक अन्य समाचार के अनुसार शादी तय हो गई है, कल सगाई की रस्म अदा होनी है, लेकिन जिस रास्ते से उसे सगाई में जाना है, उस रास्ते में पडऩे वाले एक व्यक्ति से उसका विवाद हो गया है और वह जान से मारने की धमकी दिया है। जिसके चलते युवक सहमा हुआ है और सगाई में जाने से इन्कार कर दिया। जिससे परेशान पिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी मोहन लाल गुप्त का कहना है कि उनके बेटे विकास की शादी तय हो गई है, 21 नवंबर को सगाई है। विकास कुछ दिन पहले अपने चौराहे पर गैस चूल्हा बनवाने गया था, दुकानदार से विवाद हो गया और मारपीट हो गई। आरोपितों ने धमकी दी कि उनका घर विजयीपुर में है। अगर मिलोगे तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी। सगाई भी विजयीपुर में होने वाली है। इस डर से मेरा बेटा वहां जाने से मना कर रहा है। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राय ने कहा कि तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।