कलराज मिश्र ने कहा, नकारात्मक सोच के आधार पर हुआ 22 पार्टियों का गठबंधन
पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने पश्चिम कोलकाता में हुए विपक्षी दलों के गठबंधन पर करारा हमला बोला। कहा कि 22 पार्टियों का गठबंधन नकारात्मक सोच के आधार पर है।
गोरखपुर, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में हुए विपक्षी दलों के गठबंधन पर करारा हमला बोला। उन्होंने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 22 पार्टियों का गठबंधन नकारात्मक सोच के आधार पर है। यह उनकी कुंठा व पराजित मानसिकता को दर्शाता है। वह मंगलवार को देवरिया में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मोदी हटाओ के नाम पर यह गठबंधन स्वयं में अनुभव करता है कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्य का स्वरूप यही बना रहा तो आम आदमी का ध्रुवीकरण भाजपा के पक्ष में होगा। इससे विपक्ष घबरा गया है। उसके पास कोई मुद्दा नहीं है। विपक्षी दलों द्वारा यह कहना कि भाजपा सरकार लोकशाही को खत्म कर रही है। यह बेबुनियाद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व की विपक्षी सरकारों के कार्यकाल में हुए घोटालों, भ्रष्टाचार व जनता के साथ हुए विश्वासघात पर जब सवाल करते हैं तो कोई जवाब नहीं मिलता। विपक्ष केवल मोदी हटाओ की बात कर रहा है। प्रधानमंत्री ने देश के विकास के लिए अनगिनत कार्य किए। आम जनता के हित में तमाम योजनाएं बनाई। जिसका लाभ जनता उठा रही है।
उन्होंने बसपा-सपा गठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि दोनों दल अकेले मुकाबला नहीं कर सकते। इसलिए कांग्रेस को छोड़कर जातीय आधार पर गठबंधन कर रहे हैं। मोदी सरकार हिंदू हो या मुसलमान, सभी जाति-धर्म के लोगों का विकास कर रही है। विकास योजनाओं की बदौलत जाति का बैरियर तोड़ा है। नरेंद्र मोदी महिलाओं, गरीबों के साथ लगातार संवाद बना रहे हैं। देवरिया से लोक सभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे देवरिया में रहना है। अभी तक पार्टी नेतृत्व की तरफ से कुछ नहीं कहा गया। यदि कोई बात होती तो मेरे जैसे व्यक्ति को जरूर बता दिया गया होता। पार्टी के निर्देश पर चलना है।