Coronavirus Lockdown Day 16 : जमातियों के संपर्क में आए 21 लोग की जांच रिपोर्ट निगेटिव Gorakhpur News
गोरखपुर और आसपास के जिलों से जुड़े ऐसे 42 लोगों की पहली सूची कोविड -19 टीम को मिली थी। इनकी जांच के आदेश दिए गए थे। इसके बाद सभी लोगों की जांच शुरू हो गई।
गोरखपुर, जेएनएन। जमातियों के संपर्क में आए और दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी जमात मरकज के समीप से गुजरने वाले गोरखपुर और आसपास के 21 लोग कोरोना जांच में निगेटिव पाए गए हैं। शासन ने 42 लोगों के मोबाइल फोन नंबर भेजकर पुलिस को उनका पता लगाकर जांच कराने का आदेश दिया था।
दिल्ली पुलिस को दी गई 21 फोन नंबरों की जानकारी दी
सूची में शामिल अन्य 21 फोन नंबर सर्विलांस से जांच में अभी भी दिल्ली में ही एक्टीवेट पाये गए हैं। पुलिस की कोविड-19 टीम ने शासन के माध्यम से इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस को भेज दी है। दिल्ली पुलिस ने बड़े पैमाने पर ऐसे मोबाइल फोन नंबरों की सूची तैयार की थी, जिनकी लोकेशन मरकज के आसपास पाई गई थी। इस सूची में उन लोगों के नंबर भी शमिल थे, जो लोग किसी न किसी तरह से जमातियों के संपर्क में आए थे।
42 लोगों के फोन नंबर भेजकर शासन ने दिए थे जांच के आदेश
गोरखपुर और आसपास के जिलों से जुड़े ऐसे 42 लोगों की पहली सूची कोविड -19 टीम को मिली थी। इनकी जांच के आदेश दिए गए थे। इसके बाद सभी लोगों की जांच शुरू हो गई। इसमें सर्विलांस की मदद से सभी नंबर ट्रेस किए गए।
गोरखपुर-बस्ती मंडल के 13 लोग शामिल
सर्विलांस की मदद से टीम ने फोन नंबरों की छानबीन शुरू की तो 13 लोग गोरखपुर तथा आठ लोग महराजगंज, देवरिया और संतकबीरनगर के निकले। सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कोविड -19 टीम के प्रभारी व सीओ क्राइम प्रवीण सिंह ने बताया कि जो नंबर अभी दिल्ली में काम कर रहे हैं, उनकी सूची वहां की पुलिस को भेज दी गई है।
अभी 221 नंबरों की चल रही छानबीन
जमातियों के संपर्क में आए और मरकज के आसपास से गुजरने वाले 221 लोगों की दूसरी सूची भी दिल्ली पुलिस ने भेजी है। कोविड-19 टीम सर्विलांस के माध्यम से इन नंबरों का पता लगा रही है। सीओ क्राइम प्रवीण सिंह ने बताया कि इसमें से काफी नंबरों को ट्रेस कर लिया गया है। इन नंबरों का इस्तेमाल करने वालों की जांच कराई जा रही है।