Weather News: गोरखपुर में बारिश ने तोड़ा 127 वर्षों का रिकार्ड, 24 घंटे में हुई 193 मिलीमीटर बारिश
Gorakhpur Weather News 2 October 2021 गोरखपुर में पिछले 30 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। बारिश ने पिछले 127 वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 24 घंटे में जिले में 193 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। बारिश का यह सिलसिला रविवार तक जारी रह सकता है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। Gorakhpur Weather News 2 October 2021: गोरखपुर में पिछले 24 घंटे की बारिश ने पिछले 127 वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिछले 24 घंटे में जिले में 193 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। पिछले 30 घंटे से जिले में अनवरत बारिश का क्रम जारी है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने पूर्वानुमान जताया है कि बारिश का यह सिलसिला रविवार तक जारी रह सकता है।
दो अक्टूबर 1894 में हुई थी 218.7 मिलीमीटर बारिश
बता दें पिछले 24 घण्टे (शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शनिवार सुबह 8.30 बजे) में जिले में 193 मिलीमीटर अति भारी बारिश हो चुकी है। इस बारिश ने जिले में 127 वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया है। 127 वर्षों में अक्तूबर माह में एक दिन में कभी इतनी बारिश नहीं हुई है। यह बारिश अक्टूबर माह की औसत वर्षा का पांच गुनी है। अक्टूबर माह की औसत वर्षा 42.8 मिलीमीटर है। शुक्रवार सुबह से जिले में बारिश का क्रम जारी है। लगातार बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट आई है। स्थिति यह रही कि शुक्रवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर एक डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। इसके चलते लोगों ने दिन में भी ठंडक महसूस की। शनिवार सुबह का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। मौसम विशेषज्ञ ने पूर्वानुमान जताया है कि बारिश का यह सिलसिला रविवार को भी जारी रह सकता है।
अभी और होगी बारिश
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने बताया कि दक्षिण पश्चिम बिहार पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते गोरखपुर व आस-पास के जिले में बारिश हो रही है। मौसम विशेषज्ञ ने पूर्वानुमान जताया था कि शनिवार व रविवार को जिले में आधे से अधिक स्थानों पर मध्यिम वर्षा हो सकती है। हवा की गति 5 से 19 किलोमीटर प्रति घण्टे हो सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता अधिकतम 95 फीसद व न्यूनतम 82 फीसद रही।